Breaking
Sat. Jul 18th, 2026

CJI सूर्यकांत चंडीगढ़ में: ₹40 करोड़ की पार्किंग का उद्घाटन किया; HC के एक्टिंग चीफ जस्टिस बोले- सारा क्रेडिट इन्हीं को

चंडीगढ़ : भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत आज शनिवार को चंडीगढ़ पहुंचे। यहां सीजेआई ने सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत परिसर में करीब 40 करोड़ रुपए की लागत से तैयार मल्टीलेवल पार्किंग का उद्घाटन किया। इससे आने वाले वकीलों और आम लोगों को पार्किंग की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

उद्घाटन समारोह में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया के अलावा न्यायपालिका और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा ने कहा- मल्टीलेवल पार्किंग का पूरा श्रेय जस्टिस सूर्यकांत को जाता है क्योंकि जब वह बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन थे तो उन्होंने ही इसकी पूरी योजना बनाई। उन्होंने कहा कि CJI के प्रायोरिटी देने की वजह से आने वाले दिनों में और भी ज्यूडिशियल इन्फ्रास्ट्रक्चर बनेंगे।

चंडीगढ़ प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग के अनुसार, मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। उद्घाटन के बाद इसे अब आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे जिला अदालत आने वाले हजारों वकीलों और अन्य लोगों को वाहन पार्किंग की समस्या से काफी राहत मिलेगी।

भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत।

भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत।

रोजाना हजारों लोग पहुंचते हैं कोर्ट

सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत में रोजाना हजारों लोग अपने मामलों की सुनवाई के लिए पहुंचते हैं। यहां बड़ी संख्या में वकील भी नियमित रूप से काम करते हैं। मौजूदा पार्किंग व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण लोगों को अक्सर अपने वाहन सड़क किनारे खड़े करने पड़ते हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है।

चार मंजिला पार्किंग में 1500 वाहन खड़े होंगे

करीब साढ़े चार एकड़ भूमि में बनी यह मल्टीलेवल पार्किंग बेसमेंट सहित चार मंजिला है। इसमें एक समय में लगभग 1,500 वाहनों को खड़ा करने की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके शुरू होने के बाद जिला अदालत परिसर और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद है।

2022 में रखा गया था शिलान्यास

इस परियोजना का शिलान्यास 30 जुलाई 2022 को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया था। करीब चार वर्ष बाद निर्माण कार्य पूरा होने के साथ अब यह मल्टीलेवल पार्किंग लोगों के उपयोग के लिए तैयार है। प्रशासन का मानना है कि इसके शुरू होने से जिला अदालत परिसर की पार्किंग व्यवस्था में सुधार होगा और लंबे समय से चली आ रही वाहन खड़े करने की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।

सीजेआई बनने के बाद 7 मार्च 2026 को उनका चंडीगढ़ का पहला बड़ा दौरा था। इस दौरान उन्होंने चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता केंद्र (CIAC) और ‘इंडिया इंटरनेशनल डिस्प्यूट्स वीक’ का उद्घाटन किया। अब यह दूसरा दौरा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *