जयपुर : जयपुर में रविवार रात एक ऐसी शाही बारात निकली, जिसने हर किसी को कुछ पल के लिए असमंजस में डाल दिया। बैंड-बाजे की गूंज, सजी-धजी बग्गी, पारंपरिक परिधानों में थिरकते बाराती, आतिशबाजी, शाही स्वागत और भव्य वरमाला… सब कुछ बिल्कुल असली शादी जैसा था। फर्क सिर्फ इतना था कि यह शादी असली नहीं, बल्कि ‘मॉक वेडिंग’ थी, जिसका उद्देश्य राजस्थान की शाही वेडिंग संस्कृति और वेडिंग इंडस्ट्री की भव्यता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना था।
यह अनोखा आयोजन इंटरनेशनल वेडिंग एंड टूरिज्म कॉन्क्लेव (आईडब्ल्यूटीसी) के दौरान फेयरमोंट होटल में किया गया, जहां देश-विदेश से आए वेडिंग प्लानर्स, होटल व्यवसायी, इवेंट एक्सपर्ट्स और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने भारतीय शादियों की रॉयल झलक को बेहद करीब से देखा।

मॉक वेडिंग में वरमाला कॉन्सेप्ट को भी दिखाया गया।
बग्गी पर सवार दूल्हा, बैंड की धुनों पर झूमते बाराती
शाम होते ही शाही बग्गी पर सवार दूल्हे की एंट्री हुई। पारंपरिक बैंड की धुनों पर बाराती पूरे उत्साह के साथ नाचते-गाते होटल की ओर बढ़े। शंकर बैंड की धुनों और बारात और व्हील्स के संगीत पर करीब आधे घंटे तक डांस और जश्न का सिलसिला चलता रहा। बारात इतनी वास्तविक लग रही थी कि देखने वाले कई लोगों को यह असली शादी ही प्रतीत हुई।

फैशन शो में नए वेडिंग कलेक्शन को पेश किया गया।
दुल्हन पक्ष ने किया पारंपरिक स्वागत
होटल फेयरमोंट के मुख्य प्रवेश द्वार पर दुल्हन पक्ष ने बारात का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया। बारातियों को फूलों की मालाएं पहनाई गईं, इत्र छिड़का गया और राजस्थानी आतिथ्य की झलक दिखाई गई। इसके बाद सभी मेहमानों को भव्य बैंक्वेट हॉल में ले जाया गया, जहां शादी समारोह की अगली रस्में आयोजित की गईं।

मिस राजस्थान की मॉडल्स ने यहां रैम्पवॉक की।
विशेष रूप से तैयार किए गए भव्य मंच पर दूल्हा और दुल्हन की अलग-अलग थीम पर रॉयल एंट्री करवाई गई। रोशनी, संगीत और फायरवर्क्स के बीच दोनों ने मंच पर प्रवेश किया। इसके बाद पारंपरिक अंदाज में वरमाला की रस्म निभाई गई। पूरे आयोजन में आधुनिक तकनीक और राजस्थानी शाही परंपराओं का शानदार संगम देखने को मिला।

इसमें दुल्हा-दुल्हन के एंट्री कॉन्सेप्ट को भी कोरियोग्राफर्स ने दिखाया।
फैशन शो में दिखा रॉयल ब्राइडल कलेक्शन
मॉक वेडिंग के बाद ‘वेड-वाह ब्राइडल स्टाइल वॉक’ का आयोजन किया गया। इसमें मिस राजस्थान और मिसेज राजस्थान की मॉडल्स ने ब्राइडल कलेक्शन प्रस्तुत किया। फैशन शो में राजस्थान की पारंपरिक पोशाकों के साथ आधुनिक रॉयल वेडिंग कलेक्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा।

वरमाला में भी फायरवर्क्स का कॉन्सेप्ट भी दिखाया गया।
इस शो का निर्देशन योगेश मिश्रा और निमिषा मिश्रा ने किया, जबकि डिजाइनर मधुर चेतवानी ने विशेष ब्राइडल कलेक्शन प्रस्तुत किया। मॉडल्स का मेकअप जस्सी छाबड़ा की टीम ने किया। शो में देव राठौड़ दूल्हे और मिस ओशन इंडिया हीना ठाकुर दुल्हन की भूमिका में नजर आए।

फेयरमोंट के एंट्री गेट पर शाही बारात निकलते हुए।
मॉक वेडिंग के माध्यम से वेडिंग प्लानिंग, डेकोरेशन, एंट्री कॉन्सेप्ट, लाइटिंग, संगीत, फैशन, फूड और राजस्थानी मेहमाननवाजी जैसे सभी पहलुओं का प्रदर्शन किया गया, ताकि राजस्थान को वैश्विक डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में और मजबूती से स्थापित किया जा सके।

इस मॉक बारात में सैंकड़ों लोग शामिल हुए।

बग्गी के साथ राजस्थान की शाही शादी की झलक दिखाई गई।

बारात में जयपुर के शंकर बैंड ने प्रस्तुति दी।

