Breaking
Thu. Apr 23rd, 2026

MP Election 2023: प्रियंका गांधी वाड्रा महाकोशल से करेंगी चुनाव अभियान की शुरुआत

भोपाल : मध्य प्रदेश में चुनावी तैयारी में लगी कांग्रेस के प्रचार को धार देने के लिए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी मध्यप्रदेश में मोर्चा संभालेगीं। कांग्रेस अपने इलेक्शन कैंपेन की शुरुआत 12 जून को करने की तैयारी में है। इसकी शुरुआत महाकौशल के जबलपुर से होगी। 12 जून को प्रियंका गांधी जबलपुर में बड़ा रोड शो और जनसभा करेंगी. उनके कार्यक्रम को मंजूरी मिल गयी है।

कांग्रेस ने प्रदेश के सभी अंचलों में एक-एक बड़ी जनसभा करने की कार्ययोजना बनाई है। चुनाव अभियान की शुरुआत महाकोशल से की जाएगी। यहां पार्टी का प्रदर्शन 2018 के चुनाव में अच्छा रहा था। छिंदवाड़ा जिले की सभी सातों सीटें कांग्रेस ने जीती थीं। यही स्थिति डिंडौरी में भी थी।

बालाघाट जिले की छह सीटों में से कांग्रेस ने तीन जीती थीं और एक वारासिवनी से निर्दलीय प्रदीप जायसवाल विजयी रहे थे। जायसवाल पूर्व में कांग्रेस पार्टी में रहे हैं। सिवनी जिले की चार में से दो सीटें कांग्रेस और दो भाजपा के पास हैं।

जबलपुर जिले की बात करें तो यहां की आठ सीटों में चार कांग्रेस और चार भाजपा के पास हैं। अनूपपुर जिले की सभी तीनों सीटें कांग्रेस ने जीती थीं लेकिन बाद में अनूपपुर से विधायक बिसाहूलाल सिंह ने विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र देकर भाजपा की सदस्यता ले ली। वे अभी खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री हैं। यही कारण है कि पार्टी ने चुनाव अभियान का शुभारंभ जबलपुर से करने का निर्णय लिया है। प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल और पूर्व मंत्री तरुण भनोत ने बताया कि प्रियंका गांधी वाड्रा के आने का कार्यक्रम है। इसको लेकर तैयारी प्रारंभ कर दी गई है।

कर्नाटक के बाद मध्य प्रदेश
कर्नाटक के चुनाव में भी प्रियंका गांधी कांग्रेस का चेहरा बनकर चुनाव प्रचार करती नजर आ रही हैं। वहां के चुनाव खत्म होते ही प्रियंका गांधी के मध्य प्रदेश में कई दौरे और कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। हालांकि कांग्रेस पार्टी इस कोशिश में भी है कि मध्यप्रदेश में इलेक्शन कैंपेन की शुरुआत में प्रियंका गांधी के साथ राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे भी शामिल हों। फिलहाल प्रियंका गांधी का कंफर्मेशन पार्टी को मिल गया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *