Breaking
Mon. Aug 3rd, 2026

मायावती ने भतीजे आकाश के ससुर को पार्टी से निकाला:कहा- बार-बार चेतावनी देने के बाद भी नहीं सुधरे, अब कभी वापस नहीं लेंगे

लखनऊ : बसपा सुप्रीमो मायावती ने भतीजे आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर निकाल दिया है। उन्होंने रविवार को कहा- अशोक बार-बार चेतावनी देने के बाद भी नहीं सुधरे। अब इन्हें कभी पार्टी में वापस नहीं लेंगे।

मायावती ने रणधीर सिंह बेनीवाल को भी पार्टी से बाहर कर दिया। बेनीवाल बसपा में कोऑर्डिनेटर के साथ ही पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

डेढ़ साल में यह दूसरा मौका है, जब मायावती ने अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकाला है। 12 फरवरी 2025 को गुटबाजी करने पर भी अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर किया था। हालांकि, छह महीने बाद सितंबर 2025 में उनकी दोबारा पार्टी में वापसी हो गई थी।

अशोक सिद्धार्थ के पास तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, गुजरात, छत्तीसगढ़ और दिल्ली में बसपा की जिम्मेदारी थी। मायावती ने शनिवार को उनसे इन राज्यों का जिम्मा छीन लिया था। इसके बाद सोशल मीडिया में खबरें आईं कि अशोक सिद्धार्थ को यूपी का जिम्मा दिया जा सकता है।

इससे भड़ककर रविवार को मायावती ने ‘X’ पर लिखा-

QuoteImage

बार-बार चेतावनी के बावजूद अशोक सिद्धार्थ के रवैये में कोई सुधार नहीं आया। इस वजह से उनसे सभी जिम्मेदारियां छीन ली गई थीं। बावजूद इसके उन्होंने यूपी लौटने की खबरें फैलाकर कार्यकर्ताओं में भ्रम पैदा करने की साजिश रची। इसीलिए अब उन्हें पार्टी से पूरी तरह बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।QuoteImage

रामजी गौतम का कद बढ़ाया, कार्यकर्ताओं को सावधान रहने को कहा

  • मायावती ने अशोक सिद्धार्थ और रणधीर सिंह बेनीवाल को पार्टी से निकालने के बाद राज्यसभा सांसद रामजी गौतम को फिर से पंजाब का प्रभारी बना दिया। वे आगामी पंजाब विधानसभा और लोकसभा चुनाव तक इस पद पर बने रहेंगे।
  • मध्य प्रदेश के प्रभारी राजाराम को दिल्ली, केरल, गुजरात और कर्नाटक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
  • मायावती ने साफ किया कि यूपी के रहने वाले ऐसे पार्टी पदाधिकारी या कोऑर्डिनेटर, जो राज्य के बाहर अहम जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, उन्हें यूपी में पार्टी की कोई भी जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।
  • अशोक सिद्धार्थ के करीबी और तीन राज्यों में उनके सह प्रभारी नितिन सिंह से भी केरल, कर्नाटक व तमिलनाडु में पार्टी की जिम्मेदारी वापस ले ली है।
  • कार्यकर्ताओं से मायावती ने अपील की है- शरारती और साजिश रचने वालों से सावधान रहें। ऐसे लोग पूर्ण बहुमत की बसपा सरकार बनाने के अभियान को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।

गुटबाजी और अनुशासनहीनता के लिए पहले भी निकाले गए

  • मायावती ने पिछले साल 2025 में संगठन में गुटबाजी के लिए अशोक सिद्धार्थ और उनके करीबी नितिन सिंह को पार्टी से बाहर कर दिया था। तब मायावती ने कहा था कि अशोक सिद्धार्थ और नितिन सिंह पार्टी के खिलाफ साजिश रच रहे थे।
  • इसके बाद मायावती ने 2 मार्च को पहले आकाश का पद छीना, फिर 3 मार्च को पार्टी से बाहर कर दिया। बाद में माफी मांगने पर 13 अप्रैल को आकाश को पार्टी में वापस ले लिया। 6 महीने बाद अशोक सिद्वार्थ की पार्टी में वापसी हुई। फरवरी 2026 में अशोक सिद्धार्थ को राष्ट्रीय पदाधिकारियों में नंबर एक की जगह दी गई थी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *