- प्रशांत किशोर ने बांकीपुर से चुनाव जीतने का दावा करते हुए बिहार सरकार पर हमला बोला है
बिहार की हाई प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे कल यानी 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे। उससे पहले, इस सीट से चुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर ने सम्राट सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने 20 वर्षों में कभी चुनाव जीतने के लिए प्रशासन का गलत इस्तेमाल नहीं किया। कल जन सुराज पार्टी की जीत के बाद सम्राट चौधरी के जाने का रास्ता खुल जाएगा। पीके ने बांकीपुर उपचुनाव में प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पटना SSP ने बीजेपी के आदेश पर हमारे स्थानीय नेताओं को गिरफ्तार किया, उनके खिलाफ कार्रवाई हो।
वहीं, मतदान के दिन राजनीतिक पारा काफी गर्म रहा। जन सुराज संस्थापक प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि पुलिस सत्तारूढ़ दल के इशारे पर उनके समर्थकों और मतदान अभिकर्ताओं को बिना किसी कारण के हिरासत में ले रही है। गोलघर के पास उनकी नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) ममता कल्याणी से तीखी बहस भी हुई।
नेताओं-कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप
इससे पहले, उन्होंने आरोप लगाया था कि मंगलवार शाम से देर रात तक जन सुराज के 20 से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने परेशान किया। उनका आरोप है कि पुलिस ने न तो औपचारिक रूप से गिरफ्तारी दर्ज की और न ही यह बताया कि उन्हें किस आरोप में हिरासत में लिया गया। प्रशांत किशोर ने कहा कि हिरासत में लिए गए नेताओं को पहले अलग-अलग थानों में रखा गया और बाद में उन्हें दानापुर ले जाया गया। जब मीडिया और पार्टी के लोगों को इसकी जानकारी मिली तो उन्हें फिर शाहपुर थाना शिफ्ट कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि यदि किसी ने कानून का उल्लंघन किया है, तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए, लेकिन बिना किसी स्पष्ट आरोप के नेताओं को हिरासत में रखना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस राजनीतिक दल की तरह काम कर रही है और बीजेपी एवं राज्य सरकार की मदद करने के उद्देश्य से जन सुराज के कार्यकर्ताओं को चुनावी गतिविधियों से दूर रखने की कोशिश कर रही है। किशोर ने कहा कि जिन लोगों को हिरासत में लिया गया, उनमें से कम से कम 10 नेता पटना के ही रहने वाले हैं और उन्हें रात में उनके घरों से उठाया गया।
बांकीपुर में 34.30 प्रतिशत मतदान हुआ
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को वोटिंग हुई। इस उपचुनाव में कुल 34.30 प्रतिशत मतदान हुआ। यह उपचुनाव बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के कारण खाली हुई सीट पर हो रहा है। यहां मुख्य मुकाबला बीजेपी, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और कांग्रेस समर्थित आरजेडी की उम्मीदवार रेखा गुप्ता के बीच माना जा रहा है।

