लखनऊ : योगी सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव, मायावती समेत 52 नेताओं को बुलेट प्रूफ जैकेट दी। इनमें 11 कैबिनेट मंत्री भी शामिल हैं। मंत्री संजय निषाद, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, ओपी राजभर, अपर्णा यादव को जैकेट मिल गई है। बुलेट प्रूफ जैकेट यूपी सरकार के सुरक्षा मुख्यालय ने खरीदी है। एक जैकेट की कीमत 1.5 लाख रुपए बताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा- 2027 को देखते हुए सरकार ने एहतियातन यह फैसला लिया है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब नेताओं को बुलेट प्रूफ जैकेट मुहैया कराई गई है। पहले चरण में 8, जबकि दूसरे चरण में अब 44 नेताओं को जैकेट बांटी गई है।
सरकार ने आधिकारिक तौर पर बुलेट प्रूफ जैकेट बांटने की वजह का खुलासा नहीं किया। हालांकि, सुरक्षा मुख्यालय के एक अफसर ने बताया कि पहले बुलेट प्रूफ जैकेट सुरक्षा मानकों में शामिल नहीं थी। इसे अब शामिल किया गया है।
यूपी में 98 नेता ऐसे हैं, जिन्हें किसी न किसी कैटेगरी की सुरक्षा मिली है। सिर्फ मंत्रियों या विपक्ष के बड़े नेताओं को ही नहीं, बल्कि पश्चिम यूपी में भाजपा के फायरब्रांड नेता संगीत सोम और सुरेश राणा का नाम भी बुलेट पूफ्र जैकेट पाने वालों की लिस्ट में शामिल हैं।
यूपी में 98 लोगों को सुरक्षा, 12 को जेड प्लस सिक्योरिटी
यूपी में 98 लोगों को सुरक्षा दी गई है। इनमें सबसे ज्यादा 26 लोगों को Y कैटेगरी की सुरक्षा मिली है। वहीं, 10 को Y-प्लस, 10 को एस्कॉर्ट के साथ Y कैटेगरी और एस्कॉर्ट के साथ Y-प्लस कैटेगरी की सुरक्षा 13 लोगों को मिली हुई है।
Z-प्लस की सुरक्षा जिन 12 लोगों को मिली है, उनमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सीएम योगी के साथ अखिलेश यादव और मायावती भी शामिल हैं। केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व सांसद मुरली मनोहर जोशी, विनय कटियार, सुरेश राणा, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और हाईकोर्ट के एक रिटायर्ड जज को ये सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को Z कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। बसपा के कद्दावर नेता सतीश चंद्र मिश्रा को भी Z सुरक्षा दी गई है। इनके अलावा, मेरठ की सरधना सीट से भाजपा विधायक रह चुके संगीत सोम, गोंडा से 6 बार सांसद रह चुके बृजभूषण शरण सिंह, प्रदेश सरकार में मंत्री नंद गोपाल नंदी, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह और कांग्रेस के नेता प्रमोद तिवारी को भी Z सुरक्षा मिली है।
इन मंत्रियों के पास Y प्लस कैटेगरी की सुरक्षा
प्रदेश सरकार के जिन मंत्रियों को Y प्लस कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है, उसमें लक्ष्मी नारायण चौधरी, बेबी रानी मौर्य, ओम प्रकाश राजभर, बलदेव सिंह औलख शामिल हैं। जबकि, कुछ सांसदों और विधायकों को भी इसी कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है।
उन्नाव से सांसद स्वामी सच्चिदानंद साक्षी, रायबरेली से विधायक आदिति सिंह, लखनऊ की सरोजनी नगर सीट से विधायक राजेश्वर सिंह, रामपुर से विधायक आकाश सक्सेना, अलीगढ़ से विधायक ठाकुर जयवीर सिंह और गाजीपुर से एमएलसी विशाल सिंह चंचल को भी Y प्लस कैटेगरी की सुरक्षा एस्कॉर्ट के साथ मुहैया कराई गई है। इसके अलावा पूर्व मंत्री नरेश अग्रवाल और पूर्व सांसद दिनेश लाल निरहुआ, पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय का नाम शामिल है।
संजय निषाद को Y कैटेगरी की सुरक्षा
प्रदेश सरकार में मत्स्य मंत्री संजय निषाद को Y कैटेगरी की सुरक्षा एस्कॉर्ट के साथ मिली है। राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा, पूर्व राज्यपाल फागू चौहान, महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा बिष्ट यादव, पूर्व डीजीपी और भाजपा के मौजूदा राज्यसभा सांसद बृजलाल, कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह, कौशांबी की चायल सीट से विधायक पूजा पाल और काशी में मणिकर्णिका घाट के महंत संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा को भी एस्कॉर्ट के साथ वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली है। इनके अलावा 10 लोगों को Y प्लस, 26 लोगों को Y और 17 लोगों को X कैटेगरी में सुरक्षा हासिल है।

