- भारत ने एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को श्रीलंका को हराकर महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम किया तो देशभर से बधाइयों का तांता लग गया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मिली 72 रन की शानदार जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और खेल मंत्री मनसुख मांडविया समेत कई नेताओं ने टीम इंडिया को बधाई दी। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने इस जीत के साथ रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला टीम की जीत को देश के क्रिकेट के लिए गर्व का पल बताया। उन्होंने एक्स पर कहा- भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल! एशिया कप जीतने पर महिला टीम को बधाई। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनका आत्मविश्वास, निरंतरता और शानदार जज्बा देखने को मिला। उम्मीद है कि यह जीत देश भर के लाखों युवाओं को और ज्यादा खेलने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
अमित शाह ने बताया मील का पत्थर
गृह मंत्री अमित शाह ने भी भारतीय महिला टीम की उपलब्धि की जमकर सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- भारत ने एशियाई क्रिकेट में एक और मील का पत्थर हासिल किया है। 8वीं बार महिला एशिया कप का खिताब जीतने पर हमारी चैंपियन खिलाड़ियों को बहुत-बहुत बधाई। पूरे टूर्नामेंट में अपने शानदार दबदबे से आपने देश को रोमांचित किया है और लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का रास्ता बनाया है।
फाइनल में भी दिखा भारत का दबदबा
खिताबी मुकाबले में भारत ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 183/5 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। शेफाली वर्मा ने 68 रन और स्मृति मंधाना ने 59 रन की शानदार पारियां खेलीं। दोनों ने पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 129 रन की साझेदारी कर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई।
इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को लक्ष्य के करीब भी नहीं पहुंचने दिया। श्री चरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि दीप्ति शर्मा ने भी अहम विकेट लेकर श्रीलंका की पारी को 111 रन पर समेट दिया। भारत ने 72 रन से मुकाबला जीतकर रिकॉर्ड आठवीं बार महिला एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

