लखनऊ : गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ में हैं। उन्होंने यूपी भाजपा की कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं से कहा- यूपी में बीजेपी अंगद का पैर है। उसे कोई नहीं हिला सकता है। आप कमर कस लो, अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखो। हमें फिर से सरकार बनानी है।
शाह ने बीजेपी कार्यकर्ता को पार्टी का मालिक बताया। कहा कि यूपी में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनी तो यहां भी UCC लागू करेंगे। आप सभी नाराजगी और मनमुटाव को गोमती नदी में छोड़कर जाएं। चुनाव में बार-बार मुलाकात होगी। हिसाब पूछूंगा। बही खाता अच्छा रहना चाहिए।
उन्होंने कहा- राहुल बाबा की निरर्थक बकवास का जवाब यूपी में 2027 में बीजेपी की सरकार बनाकर देना है। इससे पहले, करीब 9 महीने बाद लखनऊ पहुंचे शाह का सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम ने स्वागत किया। बैठक में योगी और शाह अगल-बगल बैठे। यूपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और यूपी भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े भी मौजूद रहे।
शाह ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के सभागार में हो रही बैठक में विधानसभा चुनाव के रोडमैप पर बात की। 2500 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को यूपी में भाजपा की हैट्रिक लगाने का मंत्र दिया।
धर्मपाल सिंह बोले- यूपी में 20 हजार फोकस बूथ चिह्नित
भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा- प्रदेश में 20 हजार फोकस बूथ चिह्नित किए गए हैं। इन बूथों पर भाजपा 2022 के विधानसभा चुनाव में जीती थी, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में हार गई थी। ये बूथ करीब 100 विधानसभा क्षेत्रों में हैं। पार्टी ने इन पर 100 से 200 वोट बढ़ाने का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने कहा कि 5 नवंबर के बाद भाजपा का ज्वाइनिंग अभियान शुरू होगा। पदाधिकारी अपने क्षेत्रों में पार्टी में शामिल होने के इच्छुक और प्रभावशाली लोगों की सूची तैयार कर ज्वाइनिंग कमेटी को भेजें।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन और सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रदेश में प्रवास होंगे।
केशव मौर्य बोले- 2027 में भाजपा को मिलेगा अभूतपूर्व जनादेश
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने कहा कि 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी थी। अब 2027 में भी जनता भाजपा को अभूतपूर्व जनादेश देने जा रही है।
राजनीतिक प्रस्ताव में केशव मौर्य ने भाजपा सरकार और संगठन की उपलब्धियां गिनाईं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पिछले 75 वर्षों का चुनावी इतिहास बताता है कि राजनीतिक समीकरण लंबे समय तक केवल वर्चस्व के आधार पर कायम नहीं रहते, बल्कि आम जनता के दिलों में जगह बनाने से बनते हैं। भाजपा इसी राजनीतिक समीकरण को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही है।
बृजभूषण नहीं आए, उनके विधायक और सांसद बेटे पहुंचे
पहली बार है जब पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह परिवार के तीन सदस्य प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं। बृजभूषण, उनके बेटे प्रतीक भूषण और करण भूषण प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं। बृजभूषण कार्यसमिति में नहीं आए, लेकिन उनके विधायक और सांसद बेटे कार्यसमिति में आए हैं।
योगी के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव होंगे? तावड़े का जवाब पढ़िए
यूपी में भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा है कि यूपी का विधानसभा चुनाव अमित शाह के मार्गदर्शन में होगा। विनोद तावड़े ने विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को लेकर हुए सवाल के जवाब में कहा कि आज गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम योगी आदित्यनाथ की बार-बार तारीफ की है। समझदार को इशारा काफी है। UGC के मुद्दे पर हम अपने वोटर्स से संवाद कर उन्हें समझाएंगेI
शाह बोले- राहुल की निरर्थक बकवास का जवाब 2027 में देंगे
अमित शाह ने कहा- राहुल बाबा की निरर्थक बकवास का जवाब 2027 में बीजेपी की सरकार देगी। सभी नाराजगी को गोमती में डालकर जाएं। बीजेपी की सरकार को अंगद का पैर बनाए रखना है। चुनाव में बार-बार मिलूंगा हिसाब भी पूछूंगा। याद रखना बही खाता अच्छा रहना चाहिए।

