- पटी क्षेत्र की खदान में एक किसान और उसके साथियों को जेम्स क्वालिटी का 4.70 कैरेट हीरा मिला है, इसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक बार फिर किसानों की किस्मत चमक उठी है। पटी क्षेत्र की खदान में बद्री पटेल और उनके 5 साथियों को 4.70 कैरेट का उच्च गुणवत्ता (जेम्स क्वालिटी) का नायाब हीरा प्राप्त हुआ है। इस हीरे की अनुमानित कीमत बाजार में लगभग 15 लाख रुपये आंकी जा रही है। 10 सालों की कड़ी मेहनत के बाद फिर से बद्री पटेल और उनके साथियों ने महज 15-20 दिन पहले ही इस खदान में काम शुरू किया था।
बद्री पटेल ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उन्हें पहले से ही विश्वास था कि भगवान की कृपा से इस बार हीरा जरूर मिलेगा। उन्होंने हीरा कार्यालय पहुंचकर इसे आधिकारिक तौर पर जमा करा दिया है। नीलामी के बाद मिलने वाली राशि से सभी भागीदार अपने सपनों को पूरा करेंगे।
कोई घर बनाएगा तो कोई बच्चों की करेगा शादी
हीरा मिलने से किसान परिवारों में जश्न का माहौल है। कार्यालय में जमा कर एक दूसरे को मिठाई खिलाई है। वहीं बद्री पटेल का कहना है कि नीलामी से प्राप्त राशि से वे अपना नया घर बनवाएंगे, जबकि उनके साथी रतन सिंह यादव, भीखम प्रसाद पटेल और रामचंद्र दुबे अपने बच्चों की शादी और अन्य पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने में इस रकम का उपयोग करेंगे। वही हीरा पार्क की अनुपम सिंह का कहना है कि हीरे को नियम अनुसार जांच उपरांत जमा कर लिया गया है। यह जेम्स क्वालिटी का हीरा है जिसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा।
इससे पहले सरकारी माइनिंग कंपनी NMDC ने पन्ना में अपने डायमंड माइनिंग प्रोजेक्ट (DMP) से 27.29 कैरेट का बेहतरीन क्वालिटी वाला हीरा निकाला था। यह NMDC की पन्ना खदान से निकाला गया दूसरा सबसे बड़ा हीरा है और इसे 15 सितंबर को निकाला गया था। इसके रंग, कैरेट वज़न और स्पष्टता (CCC) के आधार पर, 27.29 कैरेट के इस हीरे की शुरुआती अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये है। कंपनी ने कहा कि इसकी अंतिम कीमत तय प्रक्रिया के तहत मूल्यांकन और नीलामी से तय की जाएगी। यह कंपनी भारत की सबसे बड़ी आयरन ओर माइनिंग कंपनी है। NMDC की पन्ना खदान से अब तक मिला सबसे बड़ा हीरा 34.37 कैरेट का अच्छी क्वालिटी वाला हीरा था। यह 2010 में मिला था और बाद में इसे 3.2 करोड़ रुपये में बेचा गया था।

