नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी ने रविवार को X पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें दिल्ली सरकार में उप मुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा एक लड़के को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। AAP का आरोप है कि सड़क बनाने में हुए भ्रष्टाचार को लेकर कुछ लोग उनसे सवााल कर रहे थे।
इस बीच उन्होंने वहां खड़े एक युवक को थप्पड़ मार दिया। हालांकि इसके बाद उनके गार्ड ने युवक को दूर हटाया।

आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह ने सड़क उखाड़ कर प्रवेश वर्मा को दिखाई और उनसे इसे बनाने में हुए भ्रष्टाचार के बारे में बताया।

इसी दौरान एक युवक मोबाइल से वीडियो बनाते हुए प्रवेश वर्मा के सामने गया तो मंत्री ने उसका हाथ नीचे करते हुए थप्पड़ मार दिया।

इसके बाद वहां खड़े लोगों और सिक्योरिटी गार्ड्स ने युवक को मंत्री से दूर किया। वहां मौजूद लोग हंगामा करने लगे।
प्रवेश वर्मा-जनरैल के बीच हुई बहस
घटना स्थल से एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें प्रवेश वर्मा और विधायक जनरैल सिंह के बीच होती दिख रही है। जनरैल सड़क के टुकड़े दिखाते हुए प्रवेश से कह रहे हैं- आपने जो सड़क बनाई वो उखाड़ कर दिखा दी।
इस पर प्रवेश ने कहा- गलत नहीं बोलना है, आप 15 साल में नहीं बना पाए। जवाब में जनरैल ने कहा- आप बना दो लेकिन ऐसी मत बनाओ जो 15 घंटे न चले।
इसके बाद मंत्री वर्मा वहां से चले गए। जनरैल उनकी गाड़ी तक पीछे-पीछे जाते हैं, वहीं प्रवेश वीडियो बना रहे युवक को थप्पड़ मार देते हैं।
केजरीवाल बोले- प्रवेश वर्मा को गिरफ्तार करो
वीडियो को रीपोस्ट करते हुए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मांग की है कि मंत्री प्रवेश वर्मा को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने X पोस्ट में बताया है कि वह सोमवार को घटनास्थल पर जाएंगे।
प्रवेश वर्मा के विवाद
- 2020: शाहीन बाग के प्रदर्शनकारी रेप-हत्या कर सकते हैं: एक वीडियो सामने आया, जिसमें प्रवेश वर्मा ने शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों पर आरोप लगाया था कि वे दिल्ली के लोगों के घरों में घुस सकते हैं, महिलाओं से रेप और हत्या कर सकते हैं।उन्होंने यह भी कहा था कि BJP की सरकार बनने पर शाहीन बाग को एक घंटे में खाली करा दिया जाएगा। चुनाव आयोग ने उन्हें 96 घंटे प्रचार करने से प्रतिबंधित किया था।
- 2020: केजरीवाल को आतंकवादी कहा: एक चुनावी भाषण और बाद में मीडिया बातचीत में उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आतंकवादी कहा। केजरीवाल की तुलना नटवरलाल और आतंकवादियों से की। चुनाव आयोग ने उन्हें 24 घंटे चुनाव प्रचार से प्रतिबंधित किया। यह शाहीन बाग मामले से अलग कार्रवाई थी।
- 2022: यमुना में केमिकल डालने पर अधिकारी से तीखी बहस: एक वीडियो में वे यमुना घाट पर दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी से बहस करते दिखे। अधिकारी ने बताया कि झाग हटाने वाला डिफोमर इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके जवाब में वर्मा ने पूछा था कि अगर केमिकल सुरक्षित है तो उसे अधिकारी के सिर पर डाल दें।

