उज्जैन में शाही मस्जिद तोड़े जाने का विवाद लगातार बढ़ रहा है। यहां एक बार फिर पुलिस पर पथराव हुआ। जवाब में लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़ी गई है। यहां सुबह भी पथराव हुआ था, इसके बाद आंसू गैस छोड़ी गई थी। इसमें एक महिला थाना प्रभारी घायल हो गई। हंगामे की बीच कार्रवाई जारी नहीं, लेकिन दोपहर में नमाज के वक्त कार्रवाई रोक दी गई। इसके बाद मामला शांत हो गया।
पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों पर FIR की है। इनमें 5 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। इन पर माहौल बिगाड़ने का आरोप है। हालांकि अभी इनकी गिरफ्तारी की जानकारी नहीं मिली है। बाहर से आए 5 लोग गिरफ्तार हुए हैं।
इस बीच खबर मिली थी कि मुस्लिम समाज ने खुद ही मस्जिद तोड़नी शुरू कर दी। मस्जिद का करीब 9 फीट लंबा और 4 फीट चौड़ा हिस्सा तोड़ा जाना है। इस मामले में सोमवार को हाईकोर्ट में सुनवाई होनी थी। अब ये सुनवाई 30 सितंबर को होगी।
पथराव वाले इलाके के आसपास के सभी प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। वहीं, छत्री चौक, सती गेट, सराफा, लखेरवाड़ी, ढाबा रोड और गोपाल मंदिर के आसपास का बाजार पूरी तरह बंद है। फिलहाल, इलाके में शांति है।
RAF और पुलिस बल की टुकड़ियां तैनात
मौके पर RAF और पुलिस बल की टुकड़ियों को तैनात किया गया है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
AIMIM प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान गिरफ्तार
उज्जैन जा रहे AIMIM के मध्य प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मोहसिन अली खान फिलहाल उज्जैन के नागझेरी थाने में हैं।
अफवाहों पर ध्यान न दें- शहर काजी
एमपी के जनसंपर्क विभाग ने उज्जैन शहर काजी खलीकुर्रे रहमान का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया है। वीडियो में शहर काजी ने अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा- मस्जिद का मामला रात में ही आपसी सहमति से सुलझ गया था। ऐसी कोई स्थिति नहीं है, जिसके लिए किसी को वहां जाने की जरूरत हो। जिस कार्य को पूरा करने का संकल्प लिया गया है, उसे पूरा किया जा रहा है। अफवाहों के कारण घर से बाहर निकलकर अनावश्यक रूप से मौके पर न जाएं।
आसपास के सभी प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी
पथराव वाले इलाके के आसपास के सभी प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। वहीं, छत्री चौक, सती गेट, सराफा, लखेरवाड़ी, ढाबा रोड और गोपाल मंदिर के आसपास का बाजार पूरी तरह बंद है। पुलिस डीजे के जरिए लगातार लोगों को घरों में रहने की हिदायत दे रही है।

