फतेहपुर : फतेहपुर में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। गैस सिलेंडर में ब्लास्ट से फल विक्रेता का 2 मंजिला मकान भरभराकर ढह गया। इससे परिवार के 4 बच्चों की मौत हो गई। जबकि फल विक्रेता और उसके भतीजे समेत 4 बुरी तरह झुलस गए।
घटना शाम करीब 5 बजे की है। खाना बनाते समय मकान में आग लग गई। परिवार की महिलाएं चीखते हुए बाहर भागीं। तभी घर में रखे 2 गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि 200 मीटर दूर तक भूकंप जैसा झटका लगा। पड़ोस में बने 2 मकान भी जमींदोज हो गए। गनीमत रही कि इन दोनों मकानों में कोई नहीं था। आसपास के 10 से 12 मकानों को नुकसान पहुंचा है।
सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन, जिन मकानों में विस्फोट हुआ, वह संकरी गली में थे। इस कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंच पाई। तब JCB को बुलाया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड के 16 कर्मचारियों ने आस-पास के लोगों की मदद ली।
मलबा हटाकर 7 लोगों को बाहर निकाला गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर 4 को मृत घोषित कर दिया गया। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया, घायलों को मेडिकल कॉलेज फतेहपुर में भर्ती कराया गया है। धमाका क्यों और कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

गैस सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान भरभराकर गिरा। चारों तरफ धुआं फैल गया।

आसपास के लोगों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया।

घटना कैसे हुई, यह अभी पता नहीं चल पाया। धमाके के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकले।
घर में रखे थे 4 गैस सिलेंडर
यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर मलवां कस्बे में हुआ। यहां रहने वाले सुरेश गुप्ता फल विक्रेता हैं। उसका 1000 स्क्वायर फीट में मकान है। परिवार में पत्नी पूजा देवी और बच्चों समेत 7 लोग थे।
सोमवार शाम परिवार की महिलाएं खाना रही थीं। उस वक्त घर में 4 गैस सिलेंडर रखे थे। इनमें 2 खाली और 2 भरे थे। किसी सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी। लेकिन, महिलाओं ने ध्यान नहीं दिया। जैसे ही चूल्हा जलाया गया, रसोई में आग लग गई।
इस पर महिलाएं चीखते हुए घर से बाहर भागीं। उन्होंने शोर मचाया। तभी 2 सिलेंडरों में तेज विस्फोट हो गया। जिससे सुरेश का पूरा मकान जमींदोज हो गया। धुएं का गुबार आसमान में छा गया।

धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों को नुकसान पहुंचा।
बेटे-भतीजे समेत 4 की मौत
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घर से बाहर निकले। मलबा हटाना शुरू किया। पुलिस को भी सूचना दी गई। डीएम निधि गुप्ता वत्स और एसपी अभिमन्यु मांगलिक भी घटना स्थल पर पहुंचे।
फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल में सुरेश के बेटे कुनाल (19 साल), भतीजे वेद (14 साल) यश (8 साल) और अर्पित (15 साल) को मृत घोषित कर दिया गया।
सुरेश का भतीजा आलोक गुप्ता (23 साल) की हालत गंभीर है। वह करीब 90 फीसदी झुलसा है। खुद सुरेश गुप्ता (50 साल), उनका भतीजा ओम (7 साल) और भतीजी शिवानी (23 साल) घायल हैं। शिवानी मामूली रूप से घायल थी। उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।

घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया।
धमाके में पड़ोसियों के 4 मकानों को नुकसान पहुंचा
धमाके में सुरेश गुप्ता के पड़ोसी महेश सिंह, प्रदीप सिंह का पूरा मकान ढह गया। जबकि अनमोल सिंह और रूपा सिंह के घरों की दीवारें ढह गईं। हादसे के समय महेश और प्रदीप के परिवारों के सदस्य घर के बाहर थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

एसपी अभिमन्यु ने हादसे के बाद रो रहे परिजनों को ढांढस बंधाया।
200 मीटर दूर तक गिरी बाउंड्रीवॉल
- मलवां कस्बे में रहने वाले नवीन शुक्ला ने बताया, सुरेश गुप्ता का मकान हाईवे से करीब 100 मीटर दूर गली में है। आसपास के 10 से 12 मकानों को नुकसान पहुंचा है।
- ब्लास्ट में कई मकानों की छतें और लेंटर टूट गए, जबकि कुछ मकान पूरी तरह ढह गए। मकान से करीब 200 मीटर दूर तक की बाउंड्रीवॉल भी गिर गई। इससे आप धमाके की तीव्रता का अंदाजा लगा सकते हैं।
- घटना के समय मकान में 9 से 10 लोग थे। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग दहशत में हैं। प्रशासन के साथ NDRF और फायर ब्रिगेड की टीमें राहत और बचाव कार्य में लगी हैं।

डीएम निधि गुप्ता और एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।

एसपी और डीएम ने अस्पताल में घायलों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया।
एसपी बोले- एक व्यक्ति 90 फीसदी झुलसा
- एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया, शाम करीब 5:30 बजे PRV को सिलेंडर फटने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों ने बताया था कि मलवां कस्बे में सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान ढह गया है। मलबे में कई लोग दबे हैं। कुछ घायल हैं।
- सूचना मिलते ही PRV और स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। अब तक मलबे से 7 लोगों को निकाला गया है। इनमें से 4 की मौत हो चुकी है।
- एक व्यक्ति 90% से ज्यादा झुलसा है। उसकी हालत गंभीर है और वह वेंटिलेटर पर है। डॉक्टर उसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, एक महिला और एक युवक खतरे से बाहर हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी जाएगी।
- धमाके की असली वजह जानने के लिए फॉरेंसिक और फायर ब्रिगेड की टीमें जांच कर रही हैं। बचाव अभियान के लिए SDRF को भी बुलाया गया है। मलबे में किसी और के दबे होने की सूचना मिलने पर भी तलाश जारी रहेगी।
योगी का ऐलान- परिजनों को 2-2 लाख की आर्थिक मदद मिलेगी
घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे। सीएम ने अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

