नई दिल्ली : दिल्ली में SIR के खिलाफ लेफ्ट, AAP और स्टूडेंट यूनियन ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। जंतर-मंतर से सौरभ भारद्वाज समेत 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
जंतर-मंतर पर पुलिस, RAF जवान तैनात किए गए हैं। एहतियात के तौर पर आसपास के 12 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं।
इनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस और लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन शामिल हैं।
उधर कॉकरोच जनता पार्टी आज शाम 4 बजे से मुंबई के शिवाजी पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए प्रदर्शन करने वाली है।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और दिल्ली पुलिस की तरफ से नई दिल्ली इलाके में BNS की धारा 163 लगा दी गई है। दिल्ली पुलिस की तरफ से कहा गया है कि पूरे इलाके में किसी भी तरीके के प्रदर्शन को इजाजत नहीं दी गई है। जंतर मंतर पर अंदर जाने की इजाजत फिलहाल किसी को नहीं दी जा रही है। सीजेपी ने मुंबई में विरोध प्रदर्शन की तैयारी की है।
जंतर-मंतर पर RJD सांसद मनोज झा भी प्रदर्शन करने पहुंचे
जंतर-मंतर पर RJD सांसद मनोज झा ने कहा, क्या प्रदर्शन करने के लिए अनुमति की जरूरत होती है? आखिर यह गांधी का देश है। आज गांधी जयंती है। मैं कहना चाहता हूं कि देश को पुलिस स्टेट में बदल देने के बावजूद ज्ञानेश कुमार, पीएम और गृहमंत्री अपने गलत कामों को छिपा नहीं पाएंगे।

