नई दिल्ली : धर्म के मामले में लोग तुरंत आक्रोशित हो जाते हैं। ऐसे मौकों पर गुस्सा ऐसा भड़कता है कि लोग हत्या तक कर देते हैं। ऐसा ही एक मामला पंजाब के पटियाला (Patiala) से सामने आया है। जहां गुरुद्वारे (gurdwara dukh nivaran sahib) में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला गुरुद्वारे में शराब पी रही थी। रोके जाने पर उसने सेवादारों से बहस किया। गुरुद्वारे में महिला की हत्या की यह कहानी रविवार रात (14 मई) की है। 15 मई को पुलिस ने मामले की जानकारी दी। आरोपी को गिरफ्तार करने की बात भी बताई। लेकिन अब इस केस की जांच में जुटी पंजाब पुलिस कन्फ्यूज है। उसे समझ नहीं आ रहा कि इस मामले में क्या करना चाहिए? पुलिस के कन्फ्यूजन की वजह है आरोपी की दलीलें।
घटना के बारे में पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने कहा कि महिला की पहचान परविंदर कौर के रूप में हुई है। उसके आधार कार्ड की जानकारी के अनुसार वह पीजी में रह रहीं थीं। लेकिन जांच में पता चला कि दर्ज पते पर महिला पिछले 2-3 साल से नहीं रह रही थी। पुलिस के मुताबिक मृतक महिला के परिवार का कोई सदस्य अब तक सामने नहीं आया है।
एसएसपी ने कहा कि पटियाला के फैक्ट्री इलाके में बने नशामुक्ति केंद्र आदर्श अस्पताल से एक पर्ची मिली, जिससे यह पुष्टि हुई कि महिला को शराब की लत थी। उनके इलाज की डिटेल भी मिल गई है। दूसरी ओर गुरुद्वारे के प्रंबधक के अनुसार पूछताछ के दौरान महिला ने खुद को चंडीगढ़-पंचकूला बताया था और कहा था कि वह सुरक्षा गार्ड का काम करती है।
पुलिस को दिए बयान में आरोपी ने यह भी कहा है कि गुरुद्वारा साहिब इलाके में शराब पीने के कारण उसे गुस्सा आया, इसलिए उसने महिला को गोली मार दी। आरोपी ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से महिला पर पांच गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन गोलियां उसे लगीं और कुछ पास खड़े अटेंडेंट सागर मल्होत्रा को भी लगीं। आरोपी का पहले से कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।
दरअसल पंजाब के पटियाला में दुखनिवारन साहिब गुरुद्वारा परिसर में शराब पीने को लेकर 33 वर्षीय एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने मौके से तंबाकू के पैकेट और शराब की एक बोतल बरामद की है। मृतका परमिंदर कौर शराब के नशे में थी और गुरुद्वारा परिसर में सरोवर के पास शराब का सेवन कर रही थी। वारदात रविवार रात को हुई।
एक सेवादार को भी लगी गोली, चल रहा इलाज
इस घटना में सागर महरोत्रा नामक एक सेवादार को भी गोली लगी है, जिसे पटियाला के राजिंद्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के मुताबिक, हमलावर को पुलिस ने तुरंत पकड़ लिया। पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने कहा, “हमलावर ने चार-पांच गोलियां चलाईं। इनमें से तीन गोलियां महिला को लगी और एक गोली सेवादार को लगी। सेवादार का इलाज जारी है। आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया गया है।”

