Breaking
Tue. Oct 20th, 2026

राजा भैया ने 500 हथियारों का जखीरा दिखाया:केसरिया साफा बांधकर पूजा की, कहा- हाथी के दिखाने वाले दांत अलग होते हैं

प्रतापगढ़ : प्रतापगढ़ के कुंडा से बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने दशहरे पर हथियारों का जखीरा दिखाया। उन्होंने अपनी कोठी पर मंगलवार दोपहर 1 बजे शस्त्र पूजन किया। इस दौरान राजा भैया धोती-कुर्ता और केसरिया साफा पहने 500 से ज्यादा देशी-विदेशी हथियारों की पूजा करते दिखे।

पूजा में उनके जुड़वां बेटे शिवराज और बृजराज भी शामिल हुए। इनके अलावा सभी ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि समेत सैकड़ों समर्थक भी अपने हथियारों के साथ शामिल हुए। सभी शस्त्रों के साथ लाइसेंस भी रखे गये थे। इसका वीडियो भी सामने आया है।

पत्नी भानवी सिंह के आरोपों के बाद राजा भैया ने समर्थकों के साथ लगातार दूसरे साल लोगों के सामने दशहरे पर हथियारों का पूजन किया।

इस मौके पर राजा भैया ने कहा-

QuoteImage

विजयदशमी के दिन शस्त्र पूजन अनादि काल से होता आया है। यहां मौजूद सभी लोग हमारा परिवार हैं। हम सभी धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए संकल्पित है। यह नहीं सोचिए कि इतने ही हथियार हैं। हाथी के दांत दिखाने के अलग होते हैं, खाने वाले अलग होते हैं।QuoteImage

राजा भैया के पैतृक आवास पर विजयदशमी पर शस्त्र पूजन किया गया।

राजा भैया के पैतृक आवास पर विजयदशमी पर शस्त्र पूजन किया गया।

राजा भैया और उनके समर्थकों के 500 से ज्यादा हथियारों को मेज पर सजाकर रखा गया। सभी हथियारों के साथ उनके लाइसेंस भी रखे गए।

राजा भैया और उनके समर्थकों के 500 से ज्यादा हथियारों को मेज पर सजाकर रखा गया। सभी हथियारों के साथ उनके लाइसेंस भी रखे गए।

पैतृक घर में 2 घंटे चली पूजा

बेंती कोठी (राजा भैया का घर) में दशहरा पर्व मनाया गया। दोपहर करीब 1 बजे से शुरू हुआ कार्यक्रम 3 बजे तक चला। आचार्य अतुलजी महाराज ने 2 घंटे तक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा कराई। इसके बाद आरती और प्रसाद वितरण हुआ।

राजा भैया ने कहा- हमारे परिवार की यह पुरानी परंपरा है। आज जरूरत इस बात की है कि हर व्यक्ति को भारत की गौरवमयी पुरानी परंपरा से परिचित कराया जाए और उन्हें इससे जोड़ा जाए।

बोले- कम से कम त्योहारों पर स्वदेशी वस्त्र पहनें

राजा भैया ने कहा- आज यहां उपस्थित सभी लोग धोती-कुर्ता जैसे स्वदेशी कपड़ों में नजर आ रहे हैं। हम कोशिश कर रहे हैं कि भारतीयता को फिर से जीवित किया जाए, जो धीरे-धीरे लुप्त होती जा रही है। आजकल का नौजवान धोती-कुर्ता बहुत कम पहनता है। लेकिन, हमारा अनुरोध है कि कम से कम त्योहारों में अपने स्वदेशी वस्त्र अवश्य पहनें।

उन्होंने कहा कि शस्त्रों के लाइसेंस और पर्ची लगाना स्वाभाविक है। इतने सारे शस्त्रों के प्रबंधन में नाम पूछा जाता है। नाम की पर्ची लगाई जाती है, जिससे किसी तरह की असुविधा नहीं हो। हमारा और हमारे समर्थकों का सब कुछ एक-दूसरे का ही है।

एक साल पहले पत्नी ने लगाए थे आरोप

राजा भैया की पत्नी भावनी सिंह ने 18 सितंबर, 2025 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था। इसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि राजा भैया के पास अवैध हथियारों का जखीरा है। उनके पास कुछ ऐसे हथियार हैं, जिनसे मास डिस्ट्रक्शन हो सकता है। मतलब- हमले में तमाम लोग मारे जा सकते हैं। ये हथियार जन सुरक्षा और आंतरिक शांति के लिए खतरा बन सकते हैं।

वीडियो सामने आने के बाद राजा भैया के सबसे करीबी माने जाने वाले अक्षय प्रताप ने कहा था- राजा भैया क्यों अवैध हथियार रखेंगे? राजा भैया का एक भी ऐसा नौकर नहीं है, जिसके पास लाइसेंस और असलहा न हो। दशहरे पर हम इनकी पूजा करते हैं। सारे लीगल शस्त्र हैं। जिसे देखना है वह दशहरा में आ जाए।

इसके बाद पिछले साल दशहरे पर राजा भैया ने अपने बेंती महल में 200 से ज्यादा देशी-विदेशी हथियारों को टेबल पर सजाकर पूजा की थी। इन हथियारों में पिस्टल, रिवॉल्वर, 12 बोर की बंदूक, राइफल और थर्टी कारबाइन शामिल थीं। इसका वीडियो भी सामने आया था।

कब से भानवी सिंह राजा भैया से अलग रह रहीं?

विधायक राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने नवंबर, 2022 में दिल्ली की साकेत कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दायर की थी। उन्होंने क्रूरता के आधार पर तलाक मांगा था।

भानवी सिंह ने अपनी ससुरालवालों पर भी आरोप लगाया था। कहा था कि उन्होंने घर छोड़ दिया है। राजा भैया के अवैध संबंध हैं। सितंबर, 2020 से ही राजा भैया ने उन्हें घर में आने से मना कर दिया था।

भानवी सिंह ने राजा भैया पर घरेलू हिंसा, मारपीट, खर्च के पैसे नहीं देने, बच्चों की उपेक्षा जैसे तमाम आरोप लगाए थे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *