Breaking
Sat. Oct 31st, 2026

पंजाब में AAP के 40 कैंडिडेट घोषित, सभी मौजूदा विधायक: CM मान धूरी से ही लड़ेंगे; जेल में बंद मंत्री को भी टिकट

आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। सूची में सभी मौजूदा विधायकों के नाम हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान धूरी सीट से ही चुनाव लड़ेंगे। जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से उम्मीदवार बनाया है।

लिस्ट में वित्तमंत्री हरपाल चीमा का नाम नहीं है। उनका नाम संगरूर के तूरबंजारा के गुलजार सुसाइड केस में उछला था, हालांकि यहां से किसी दूसरे उम्मीदवार के नाम का भी ऐलान नहीं किया गया है।

पंजाब की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 में समाप्त हो रहा है। इससे पहले राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। पंजाब में कुल 117 विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से 94 पर आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक हैं।

AAP की पहली सूची में 4 पूर्व मंत्रियों को फिर टिकट

आम आदमी पार्टी की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची में 4 पूर्व मंत्रियों पर दोबारा भरोसा जताया गया है। पार्टी ने सभी को उनकी पुरानी सीटों से टिकट दिया है।

ब्रह्म शंकर शर्मा जिम्पा: होशियारपुर से उम्मीदवार बनाए गए हैं। 16 मार्च 2022 को भगवंत मान सरकार में मंत्री बने थे। उनके पास राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन और जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग की जिम्मेदारी थी। 23 सितंबर 2024 को हुए मंत्रिमंडल फेरबदल में उन्हें बाहर कर दिया गया था। अब पार्टी ने उन्हें फिर से होशियारपुर से चुनाव लड़ने का मौका दिया है।

डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर: डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर को अमृतसर दक्षिण सीट से टिकट दिया गया है। वह मार्च 2022 में भगवंत मान मंत्रिमंडल में शामिल हुए थे। उन्हें स्थानीय निकाय और संसदीय मामलों का विभाग सौंपा गया था। मई 2023 में उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। अब पार्टी ने उन्हें इसी सीट से दोबारा उम्मीदवार बनाया है।

बलकार सिंह: बलकार सिंह को करतारपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया गया है। वह मई 2023 में भगवंत मान मंत्रिमंडल में शामिल हुए थे। उन्हें स्थानीय निकाय और संसदीय मामलों के विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी। 23 सितंबर 2024 को मंत्रिमंडल में फेरबदल के दौरान उन्हें मंत्री पद से हटा दिया गया था। अब पार्टी ने उन्हें करतारपुर से दोबारा टिकट दिया है।

कुलदीप सिंह धालीवाल: कुलदीप सिंह धालीवाल को अजनाला विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वह 19 मार्च 2022 को भगवंत मान सरकार में मंत्री बने थे। उनके पास कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और बाद में एनआरआई मामलों से जुड़े विभागों की जिम्मेदारी रही। 3 जुलाई 2025 को मंत्रिमंडल में फेरबदल के दौरान उन्हें बाहर कर दिया गया था। अब पार्टी ने उन्हें अजनाला से दोबारा चुनाव मैदान में उतारा है।

सिसोदिया बोले- भगवंत मान के काम के दम पर लड़ेंगे चुनाव

AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि पिछले 5 साल में हुए काम से पंजाब के लोग बहुत खुश हैं और चाहते हैं कि भगवंत मान दोबारा मुख्यमंत्री बनें। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, किसानों और व्यापारियों के लिए जमीनी स्तर पर किए गए काम को देखते हुए लोगों में सकारात्मक माहौल है।

आम आदमी पार्टी भगवंत मान के काम, पंजाब के प्रति उनके प्रेम और राज्य में हुई तरक्की के आधार पर चुनाव लड़ेगी।

संजीव अरोड़ा को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा आजकल आरोप लगाकर चुनाव लड़ती है। संजीव अरोड़ा पंजाब के लिए बहुत अच्छा काम कर रहे थे। भाजपा ने उन्हें एक फर्जी मामले में गिरफ्तार किया, क्योंकि उसे पंजाब में उनके द्वारा शुरू किए गए निवेश और काम से चिंता थी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *