Breaking
Thu. Nov 5th, 2026

शहर-शहर BJP की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मुहिम, करनाल में गृहमंत्री शाह तो गाजियाबाद में CM योगी करेंगे मार्च

  • भारत के अलग-अलग हिस्सों में बीजेपी का ‘लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ’ अभियान जारी है, हरियाणा के करनाल में आज अमित शाह पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे

SIR और सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों के प्रोटेस्ट और हंगामे के खिलाफ बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ’ मुहिम जारी है। आज (गुरुवार को) इस मुहिम की अगुवाई गृहमंत्री अमित शाह करते दिखेंगे। अमित शाह आज हरियाणा के करनाल में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा पर निकलेंगे, तो यूपी के गाजियाबाद में खुद सीएम योगी लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा निकालेंगे। उधर, संघ के गढ़ नागपुर में भी आज लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ के तहत पदयात्रा निकलेगी, जिसमें सीएम देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी शामिल होंगे।

जयपुर में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे मार्च का नेतृत्व

इनके अलावा, जयपुर में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा निकालेंगे। बता दें कि एक दिन पहले बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ यात्रा के लिए गोरखपुर पहुंचे थे। उनके साथ सीएम योगी आदित्यनाथ भी इस पदयात्रा में शामिल हुए। पदयात्रा के पहले एक रैली भी हुई, जिसमें नितिन नवीन और सीएम योगी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर डायरेक्ट अटैक किए।

पदयात्रा से पहले गोविंद देव जी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे अश्विनी वैष्णव

जयपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालने से पहले केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गोविंद देव जी मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने कहा कि आज मुझे गोविंद देव जी के अत्यंत पवित्र ‘दर्शन’ का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मैंने महंत स्वामी जी के प्रति भी अपना सम्मान व्यक्त किया। जयपुर में महंत जी ने जिस तरह से सेवा की, वह हम सभी के लिए हमेशा एक बेहतरीन उदाहरण बनी रहेगी।’

कांग्रेस पार्टी एक तरह से संविधान की हत्या करने में लगी हुई है- अश्विनी वैष्णव

बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, ‘बीजेपी और एनडीए ने हमेशा संविधान में विश्वास रखा है। इसके उलट, कांग्रेस पार्टी एक तरह से संविधान की हत्या करने, लोकतंत्र को नष्ट करने और अराजकता फैलाने में लगी हुई है। जो लोग संविधान की प्रति दिखाते हैं, उन्हें न तो इसमें लिखी बातों पर कोई वास्तविक विश्वास है और न ही वे इसके सिद्धांतों को बनाए रखने में यकीन रखते हैं। आज हम जनता के सामने यह कहने आए हैं कि संविधान की रक्षा करना और लोकतंत्र को बचाना हमारा कर्तव्य है। हमारा मकसद उन लोगों को बेनकाब करना है जो अराजकता फैलाते हैं और हमारे लोकतंत्र तथा संविधान, दोनों को नष्ट करना चाहते हैं।’

करनाल में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता मिटाओ’ पदयात्रा निकालेंगे शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज हरियाणा की पंजाबी बेल्ट से कांग्रेस पर हमला करेंगे। वह करनाल में सुबह 10 बजे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता मिटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे। इसके अलावा, अमित शाह अंबाला छावनी में शहीद स्मारक का उद्घाटन करेंगे। वह गांधी मैदान में रैली को भी संबोधित करेंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *