मथुरा : मथुरा में बेकाबू स्विफ्ट कार ने गुरुवार सुबह पिता, बेटे और नाती को कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बरेली हाईवे पर सुबह 8 बजे हुआ।
मृतकों की पहचान जवाहर सिंह (70), उनके बेटे हरवीर (30) और नाती अंकित (24) के रूप में हुई है। हादसे में कार ड्राइवर अमन शर्मा भी घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालत गंभीर है।
जवाहर सिंह हाईवे से 200 मीटर दूर अपने खेत में पूर्वजों की समाधि बनवा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार हाईवे से नीचे उतरकर खेत में घुस गई और तीनों को रौंद दिया।
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। घटना राया थाना क्षेत्र के गजू गांव के पास हुई। पुलिस का कहना है कि ड्राइवर को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ।

कार हाईवे से उतरकर 200 मीटर दूर खेत में जा पहुंची और तीनों को कुचल दिया।
हाईवे के पास खेत में काम करवा रहे थे
गजू गांव के रहने वाले जवाहर अपने खेत में पूर्वजों की समाधि पक्की करवा रहे थे। उनका बेटा हरवीर और नाती अंकित भी साथ में थे। इसी दौरान बरेली से मथुरा की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने तीनों को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद कार खेत में रखे पत्थर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। शीशे टूट गए और छत पिचक गई। ड्राइवर स्टेयरिंग और सीट के बीच फंस गया। बोनट से धुआं निकलने लगा
ड्राइवर बोला- झपकी आई और कार से कंट्रोल खो बैठा
पुलिस ने कार का गेट काटकर ड्राइवर को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वह वृंदावन के कैलाश नगर का रहने वाला है और स्टेशनरी की दुकान चलाता है। वह अलीगढ़ से वृंदावन लौट रहा था।
पुलिस पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि उसे नींद की झपकी आ गई थी। इस वजह से वह कार पर कंट्रोल खो बैठा।

