Breaking
Thu. Nov 12th, 2026

यूपी में चंद्रशेखर-ओवैसी की पार्टियों में गठबंधन:सभी 403 सीटों पर लड़ेंगे, चंद्रशेखर CM फेस; प्रदेश में 40% दलित-मुस्लिम वोट

लखनऊ : यूपी विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन का ऐलान किया है। इसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रखा गया है। गठबंधन यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

गुरुवार को लखनऊ में संयुक्त प्रेसवार्ता में ओवैसी ने कहा कि चंद्रशेखर यूपी में सीएम का चेहरा होंगे। भाजपा को रोकने के लिए हमारा मोर्चा मजबूत विकल्प बनेगा।

सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि यह तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि पहला मजबूत मोर्चा होगा। बड़े गठबंधन में शामिल होने की कोशिश की, लेकिन हमें कमजोर समझा गया।

यूपी में मुस्लिम आबादी 19% और दलित आबादी 21% है। गठबंधन की नजर इसी 40% आबादी के वोटों पर है। इस गठबंधन का सीधा असर सपा और बसपा के वोट बैंक पर पड़ सकता है।

कांग्रेस बोली- ओवैसी चिल्लाते रहे अब्दुल सीएम बनेगा लेकिन ऐलान किया चंद्रशेखर के नाम का

कांग्रेस सीनियर लीडर आसिम वकार ने ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर निशाना साधा। कहा- “हज़रत चिल्ला-चिल्ला कर अखिलेश जी और राहुल गांधी जी से कहते हैं मुसलमान को मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनाते, बनाओ किसी अब्दुल को CM का चेहरा, अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा। लेकिन आज भी मुख्यमंत्री का चेहरा चंद्रशेखर को ही बना दिया, अब बताइए अब्दुल क्या करेगा। अब उत्तर प्रदेश का मुसलमान खुद तय करेगा कि इस बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री कौन बनेगा।”

योगी के 1.27 करोड़ नाम कटने के दावे पर सवाल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने पूछा कि 10 अप्रैल को फाइनल SIR प्रकाशित होने के बाद ‘बाबा’ ने 1 करोड़ 27 लाख बहुसंख्यक समुदाय के लोगों के नाम कटने का आंकड़ा कैसे निकाल लिया? उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि शायद मुख्यमंत्री के पास गणित में पीएचडी होगी। ओवैसी ने मुख्यमंत्री से देशवार सूची जारी करने की मांग की, जिसमें बताया जाए कि इनमें कितने बांग्लादेशी, पाकिस्तानी या गैर-भारतीय नागरिक पाए गए।

ओवैसी बोले- अखिलेश विरासत की राजनीति करने वाले, क्या कभी गोली लगी?

अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने पूछा कि क्या उनकी गाड़ी पर गोली चली थी या उनके पेट में गोली लगी थी? उन्होंने कहा कि गोली लगने का दर्द आज भी हमारे भाई चंद्रशेखर आजाद की कमर में रहता है। ओवैसी ने कहा कि जो लोग कांच के महलों में रहते हैं, उन्हें पत्थर नहीं फेंकने चाहिए। वे नहीं समझ सकते कि यह परिवार किन मुश्किलों से गुजरा है, क्योंकि वे सिर्फ ‘एंटाइटलमेंट की पॉलिटिक्स’ यानी विरासत की राजनीति करते हैं।

ओवैसी बोले- अखिलेश पूर्व मुख्यमंत्री हैं और पूर्व ही रहेंगे

अखिलेश यादव के इस बयान पर कि भाजपा की मदद करने वालों को सुरक्षा दी गई है, ओवैसी ने पलटवार किया। कहा कि अगर कल उनकी सुरक्षा हटा भी दी जाए, तब भी उनकी बेबाकी कम नहीं होगी। वे जिस मकसद को लेकर आगे बढ़ रहे हैं, उसे पूरी जिम्मेदारी और आत्मविश्वास के साथ हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री हैं और इंशाल्लाह पूर्व ही रहेंगे।

संविधान दिवस पर लखनऊ में महारैली, घोषणापत्र भी जारी होगा

चंद्रशेखर ने घोषणा की कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के माता रमाबाई मैदान में ‘बहुजन समाज महासम्मेलन महारैली’ आयोजित की जाएगी। उन्होंने मंच से असदुद्दीन ओवैसी को ‘असद भाई’ कहकर इस महारैली में मजबूती के साथ शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि रैली के बाद गठबंधन अपना घोषणापत्र (मेनिफेस्टो) जारी करेगा। भविष्य में मीडिया और जनता के सभी सवालों के जवाब भी दिए जाएंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *