- सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में गांधी परिवार से जुड़े कई निजी किस्से साझा किए हैं
नई दिल्ली : कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के जरिए गांधी परिवार से जुड़े कई अनछुए पहलुओं और अनजाने डरों का खुलासा हुआ है। किताब को लेकर न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए साक्षात्कार में सोनिया गांधी ने बताया कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद उन्हें राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर लगातार डर सताता था। जब उन्हें बताया गया कि राजीव गांधी प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, तो उन्होंने उनसे कहा था, ‘वे तुम्हें भी मार डालेंगे।’ सोनिया ने बताया कि राजीव के प्रधानमंत्री बनने के बाद वह इस डर से उबर नहीं पाई थीं।
‘वे तुम्हें भी मार डालेंगे’, डिप्रेशन में चली गई थीं सोनिया
सोनिया गांधी ने बताया कि 1980 में विमान दुर्घटना में संजय गांधी की मौत के बाद इंदिरा गांधी ने राजीव की ओर रुख किया, लेकिन वे नहीं चाहती थीं कि राजीव राजनीति में आएं। उन्होंने राजीव से करीब एक साल तक राजनीति से दूर रहने की विनती भी की थी। इंदिरा गांधी की हत्या के वक्त जब उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, तो सोनिया उनके पास फर्श पर बैठ गईं और ‘मम्मी, मम्मी’ पुकारना चाहा, लेकिन मुंह से शब्द नहीं निकले। सास की हत्या के बाद उन्हें राजीव गांधी की हत्या का डर सताने लगा। जब राजीव के प्रधानमंत्री बनने की बात सामने आई, तो सोनिया ने उनसे कहा था, ‘वे तुम्हें भी मार डालेंगे।’ इसके बाद वे डिप्रेशन में चली गई थीं। प्रियंका गांधी ने उस दौर को याद करते हुए बताया कि पिता की सुरक्षा के डर से उनकी मां की स्थिति एक भूत जैसी हो गई थी।
राजीव की आखिरी यात्रा में साथ न होने का आज भी पछतावा
राजीव गांधी की हत्या का जिक्र करते हुए सोनिया ने बताया कि वे राजीव की आखिरी यात्रा में उनके साथ नहीं थीं और इसका उन्हें आज भी पछतावा है। हत्या के करीब साढ़े छह साल बाद 1997 में दफ्तर में लगी राजीव और इंदिरा की तस्वीरें देखकर उन्हें लगा कि वे सिर्फ तमाशबीन बनकर नहीं रह सकतीं और वे सक्रिय राजनीति में आ गईं।
राहुल-प्रियंका को भी सताता था मां की हत्या का खौफ
साल 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद पार्टी नेताओं के आग्रह पर सोनिया ने पहले प्रधानमंत्री पद संभालने की सहमति दे दी थी, लेकिन बाद में इरादा बदल लिया। इस पर प्रियंका गांधी ने बताया कि उन्हें और राहुल गांधी को डर था कि अगर उनकी मां प्रधानमंत्री बनती हैं, तो उनकी भी हत्या कर दी जाएगी।
सोनिया गांधी ने बताया कि जब वे कांग्रेस की कमान संभाल रही थीं, तब उन्हें कभी अपनी जान की चिंता नहीं हुई, लेकिन आज उन्हें अक्सर राहुल गांधी की सुरक्षा की चिंता होती है, क्योंकि वे सरकार के खिलाफ युवाओं के बड़े विरोध प्रदर्शनों में उनके साथ खड़े हैं।
‘आपातकाल गलत फैसला था’
किताब में सोनिया गांधी ने 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल पर भी जिक्र किया। उन्होंने माना कि देश में आपातकाल नहीं लगाया जाना चाहिए था और यह एक ऐसा फैसला था, जो नहीं लिया जाना चाहिए था। उन्होंने आपातकाल को याद करते हुए लिखा कि उस दौर में वे जेल में बंद अपनी सास इंदिरा गांधी से मिलने जाती थीं और घर से खाना लेकर जाती थीं। सोनिया ने बताया कि जनवरी 1965 में कैम्ब्रिज के एक ग्रीक रेस्तरां में इंजीनियरिंग कर रहे राजीव से उनकी पहली मुलाकात हुई थीं और वे उन्हें ‘बहुत हैंडसम’ लगे थे। छह महीने बाद जब राजीव ने उन्हें अपनी मां इंदिरा गांधी से मिलवाया, तो वे घबरा गई थीं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े थे।

