नई दिल्ली : नए संसद भवन के उद्घाटन पर सियासी संग्राम रोज अपने चरम पर पहुंचता जा रहा है। उद्घाटन कार्यक्रम में राष्ट्रपति को आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। खरगे ने कहा लगता है, मोदी सरकार ने केवल चुनावी लाभ लेने के लिए दलित और आदिवासी राष्ट्रपति बनाया है। बता दें कि इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए जाने वाले उद्घाटन को लेकर सवाल उठाते हुए ट्वीट करके कहा था कि नए संसद भवन का उद्घाटन राष्ट्रपति जी को करना चाहिए, प्रधानमंत्री को नहीं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट करते हुए कहा कि केवल राष्ट्रपति ही सरकार, विपक्ष और नागरिकों का प्रतिनिधित्व करती हैं। वो देश की प्रथम नागरिक हैं। खरगे ने आगे लिखा कि नए संसद भवन का राष्ट्रपति द्वारा उद्घाटन सरकार के लोकतांत्रिक मूल्य और संवैधानिक मर्यादा को प्रदर्शित करेगा।
मोदी सरकार ने लगातार मर्यादा को ख़त्म कर रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी और आरएसएस की सरकार में राष्ट्रपति का पद महज औपचारिकता तक सीमित कर दिया गया है। ऐसा लगता है की देश में राष्ट्रपति का पद महज औपचारिकता के लिए रह गया है।

