मथुरा : मथुरा में भाजपा की चिंतन बैठक का आज दूसरा और आखिरी दिन है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंच गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, वे चुनावी तैयारियों पर चर्चा करने के साथ विधायकों के कामकाज की रिपोर्ट लेंगे।
सोमवार को पहले दिन 7 घंटे तक यूपी में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने पर मंथन किया गया। सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम समेत 50 नेता शामिल हो रहे हैं।
बैठक में निकलकर आया कि चुनाव सिर पर है, लेकिन कार्यकर्ताओं में उत्साह नहीं है। वह नाराज चल रहा है। तय हुआ कि ऐसे कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क किया जाए। प्रभारी मंत्री जाकर उनसे मुलाकात करें। समस्या का समाधान कराएं।
बैठक में तय किया गया कि बसपा के दलित वोट बैंक को सपा में शिफ्ट होने से रोका जाए। 2017 और 2019 में दलित वोट (जाटव वोट) भाजपा को मिला था। लेकिन, 2022 विधानसभा और 2024 लोकसभा चुनाव में वह वोट सपा को शिफ्ट हुआ।
बैठक में तय किया गया कि चुनाव में भाजपा विकास के साथ हिंदुत्व के एजेंडे को और धार देने का काम करेगी।
सपा नेता बोले- भाजपा की चिंतन बैठक नहीं, चिंता बैठक है
सपा नेता प्रदीप चौधरी बोले- भाजपा नेता विकास के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन अपने कार्यालय तक जाने वाला रास्ता नहीं सुधार पा रहे हैं। ऐसे में जनता के विकास की उम्मीद कैसे की जा सकती है?
आज भाजपा फरह में चिंतन शिविर कर रही है। उसे क्षेत्र की समस्याओं की चिंता करनी चाहिए। मथुरा में जलभराव, जाम और यमुना प्रदूषण जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। 10 साल में इनका समाधान नहीं हुआ। भाजपा को जनता की नहीं, अपनी सरकार बचाने की चिंता है।”
सपा नेता बोले- भाजपा को जनता की नहीं, सरकार बचाने की चिंता
सपा नेता प्रदीप चौधरी ने कहा- “मथुरा के लाजपत नगर में बिना बारिश के जलभराव की स्थिति बनी हुई है। यहां से कुछ दूरी पर भाजपा का जिला कार्यालय है। विधायक श्रीकांत शर्मा समेत भाजपा के बड़े नेता इसी रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
कुछ दिन पहले लोगों ने धरना दिया था। विधायक ने एक सप्ताह में जलभराव खत्म कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन हालात जस के तस हैं।
इस जलभराव से स्कूली बच्चों, युवाओं और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। लोगों के कपड़े खराब होते हैं और पैदल निकलना भी मुश्किल है।
नितिन नवीन ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया
चिंतन बैठक के दूसरे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंचे। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बैठक में चुनावी तैयारियों और विधायकों के कामकाज पर चर्चा होगी।
संतों की मांग- योगी मथुरा से चुनाव लड़ें, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को लेटर लिखा

मथुरा के साधु-संतों ने सीएम योगी को आगामी विधानसभा चुनाव मथुरा से लड़ाने की मांग उठाई है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि केस के याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज, मधुसूदन दास महाराज और अनमोल दास महाराज ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को पत्र लिखा है।
संतों का कहना है कि ब्रजवासी उन्हें प्रदेश में सबसे ज्यादा वोटों से जिताकर फिर से मुख्यमंत्री बनाएंगे। गोरक्ष पीठ के पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ संतों का सम्मान करते हैं।
उन्होंने प्रदेश को अपराध और दंगा मुक्त कर विकास की पटरी पर लाया है। जिस तरह उन्होंने अयोध्या और अन्य पौराणिक स्थलों को सजाया है, उसी तरह मथुरा को भी उनके नेतृत्व की जरूरत है।
योगी ने कहा- एसएसआर में वोट बढ़ाना जरूरी

सीएम योगी ने गायों को तिलक लगाया, माला पहनाई और गुड़ खिलाया।
सीएम योगी ने दो टूक शब्दों में कहा कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) में वोट बढ़ाना जरुरी है। 17 नवंबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन होगा, एक महीने तक अभियान चलेगा। वोटर्स बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी शिद्दत से जुटना होगा। उन्होंने एसआईआर में वोट कटने से जिन सीटों पर खतरा है उनका भी डाटा सामने रखा।

