Breaking
Thu. Nov 19th, 2026

12 साल में बदल गई देश की तस्वीर, 50 करोड़ लोग गरीबी से निकले बाहर; FICCI सम्मेलन में पीएम मोदी ने गिनाईं बड़ी उपलब्धियां

  • पिछले 12 साल में भारत की अर्थव्यवस्था ने लंबा सफर तय किया है, कभी दुनिया की ‘Fragile Five’ अर्थव्यवस्थाओं में गिने जाने वाले भारत की तस्वीर अब काफी बदल चुकी है

भारत में पिछले 12-13 सालों में गरीबी कम होने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि इस दौरान देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री ने गुरुवार को FICCI के 100वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि सही नीतियों और सही इरादे के साथ काम किया जाए तो बड़े बदलाव संभव हैं। पीएम मोदी ने इस दौरान भारत की आर्थिक तरक्की, बढ़ते निर्यात और देश को 2047 तक विकसित बनाने में उद्योग जगत की भूमिका पर भी बात की।

12 साल में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 12-13 सालों में करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने 1970 के दशक के ‘गरीबी हटाओ’ नारे का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी देश की आबादी करीब 50 करोड़ थी। अगर उस दौर में सही नीतियां अपनाई गई होतीं तो गरीबी कम करने की दिशा में बड़े नतीजे मिल सकते थे। उन्होंने कहा कि आज सही नीतियों और सही इरादे के साथ काम करने का नतीजा है कि इतनी बड़ी संख्या में लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था

पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। कई वैश्विक संस्थानों ने भारत की आर्थिक विकास दर करीब 7 फीसदी रहने का अनुमान जताया है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में भारत का निर्यात करीब 50 अरब डॉलर पहुंच गया, जो एक महीने में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

2047 तक विकसित भारत बनाने में उद्योग जगत की भूमिका

FICCI के 100 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत को बधाई दी। उन्होंने कारोबारियों और उद्योगपतियों से अगले 20 वर्षों के लिए अपनी प्राथमिकताएं तय करने की अपील की। पीएम ने कहा कि सभी को मिलकर 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य में योगदान देना होगा। भारत की गरीबी में कमी के आंकड़ों को समझने के लिए विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार 2011 से 2023 के बीच 49.6 करोड़ लोग 4.20 डॉलर प्रतिदिन की आय वाली गरीबी सीमा से ऊपर आए। इस दौरान अत्यधिक गरीबी की दर भी 27.1 फीसदी से घटकर 2.6 फीसदी रह गई। 

दवाओं के कच्चे माल का आयात कम करने पर जोर

प्रधानमंत्री ने फार्मा सेक्टर का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत दुनिया में दवाओं के बड़े केंद्रों में शामिल है, लेकिन आज भी एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स (API) और दूसरे जरूरी कच्चे माल का अरबों डॉलर का आयात करता है। उन्होंने उद्योग जगत से ऐसे क्षेत्रों की पहचान करने को कहा, जहां देश अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाकर दूसरे देशों पर निर्भरता कम कर सकता है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की आर्थिक तरक्की में युवा, किसान, मजदूर और कारोबारियों का बड़ा योगदान है। उन्होंने उद्योग जगत से घरेलू उत्पादों और भारतीय निर्माताओं को बढ़ावा देने की अपील भी की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *