- चेन्नई से पूर्वी दिल्ली के मधु विहार में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से मिलने पहुंचे युवक की पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई
सोशल मीडिया पर बनी पहचान और फिर एकतरफा प्यार के चक्कर में एक युवक की मौत का दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। चेन्नई से पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में रहने वाली एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से मिलने पहुंचे युवक की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक इन्फ्लुएंसर के घर में घुसने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान युवती के परिवारजन और पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट की। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने युवती के पिता और एक पड़ोसी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है।
सोशल मीडिया पर हुई थी युवती से पहचान
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक चेन्नई में एक निजी कंपनी में काम करता था। सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान युवती से हुई थी। वह नियमित रूप से युवती के वीडियो देखता और उन्हें लाइक करता था। धीरे-धीरे उसे युवती से एकतरफा प्यार हो गया। इसके बाद वह उससे मिलने के लिए चेन्नई से दिल्ली आ गया।
इन्फ्लुएंसर के घर में घुसने की युवक ने की थी कोशिश
जांच में सामने आया है कि युवती के सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर 29 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। युवक 7 नवंबर को उससे मिलने पूर्वी दिल्ली के मधु विहार स्थित घर पहुंचा था। आरोप है कि उसने घर में घुसने की कोशिश की, जिसके बाद वहां विवाद शुरू हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवती के पिता और कुछ पड़ोसियों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। इस हमले में युवक को शरीर के अंदरूनी हिस्सों और बाहर गंभीर चोटें आईं। मारपीट के बाद उसकी हालत काफी बिगड़ गई।
गंभीर हालात में 3 अलग-अलग अस्पतालों में किया गया इलाज
घायल युवक को सबसे पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे एक दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया। वहां भी डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस तरह 7 नवंबर को हुई मारपीट की घटना ने युवक की जान ले ली।
घटना में युवती के पिता और पड़ोसी गिरफ्तार
घटना के बाद मधु विहार थाने में गैर-इरादतन हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती तफ्तीश में युवती के भाई और कुछ अन्य पड़ोसियों के शामिल होने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम और अन्य शामिल लोगों की पुष्टि की जा सके।

