Breaking
Thu. Nov 19th, 2026

BS-4 और 10 साल से पुरानी BS-6 गाड़ियों को हर 6 महीने में कराना होगा PUC टेस्ट, सरकार ने बदले प्रदूषण जांच के नियम

  • सरकार ने वाहनों के एमिशन स्टैंडर्ड और उनकी उम्र के आधार पर PUC सर्टिफिकेट की वैधता तय कर दी है

केंद्र सरकार ने वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC सर्टिफिकेट) की वैधता से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब सभी गाड़ियों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैधता एक जैसी नहीं होगी, बल्कि यह वाहन के भारत स्टेज (BS) एमिशन नॉर्म्स, उम्र और कमर्शियल या प्राइवेट इस्तेमाल पर निर्भर करेगी। यानी किसी गाड़ी को तीन महीने, किसी को छह महीने, तो किसी को दो या तीन साल तक वैध PUC सर्टिफिकेट मिल सकता है।

सरकार के नए फैसले के बाद जहां पुरानी गाड़ियों के लिए प्रदूषण जांच के नियम सख्त हो गए हैं, वहीं नई BS-6 गाड़ियों के मालिकों को बड़ी राहत दी गई है। सरकार के नए गैजेट नोटिफिकेशन यानी राजपत्र के अनुसार पुरानी कैटेगरी की गाड़ियों की समय-सीमा तय कर दी गई है। BS-1, BS-2 और BS-3 वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट केवल 3 महीने के लिए ही मान्य होगा। जबकि सभी BS-4 गाड़ियों (प्राइवेट और कमर्शियल दोनों) को अब हर 6 महीने में अपना प्रदूषण सर्टिफिकेट रिन्यू कराना अनिवार्य होगा।

BS-6 गाड़ियों की उम्र के हिसाब से तय हुई वैधता

नए नियमों में सबसे बड़ा बदलाव BS-6 मानक वाली गाड़ियों के लिए किया गया है। इन्हें प्राइवेट और कमर्शियल 2 कैटेगरी में बांटा गया है। रजिस्ट्रेशन की तारीख से 6 वर्ष तक की आयु वाले प्राइवेट वाहनों को हर 3 साल में एक बार PUC बनवाना होगा। वहीं, 6 से 10 साल पुराने वाहनों को हर 1 साल जांच करानी होगी। इसके अलावा, 10 वर्ष से ज्यादा पुरानी BS-6 प्राइवेट गाड़ियों को हर 6 महीने में एक बार PUC टेस्ट कराना होगा।   

BS-6 कमर्शियल वाहन

रजिस्ट्रेशन से 6 वर्ष तक की उम्र वाले कमर्शियल वाहनों के लिए सर्टिफिकेट हर 2 साल में एक बार बनवाना होगा। 6 से 10 वर्ष की अवधि के बीच हर 1 साल में एक बार रिन्यूअल जरूरी होगा। वहीं, 10 साल पार कर चुके कमर्शियल वाहनों को भी हर 6 महीने में एक बार प्रदूषण जांच करानी होगी।   

गाड़ियों की कैटेगरीPUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी
BS-1, BS-2 और BS-3 गाड़ियां 3 महीने
BS-4 गाड़ियां6 महीने
BS-6 प्राइवेट गाड़ियां (1-6 साल तक पुरानी)3 साल
BS-6 प्राइवेट गाड़ियां (6 साल से ज्यादा लेकिन 10 साल से ज्यादा नहीं)1 साल
BS-6 प्राइवेट गाड़ियां (10 साल से ज्यादा पुरानी)6 महीने
BS-6 कमर्शियल गाड़ियां (1-6 साल पुरानी)2 साल
BS-6 कमर्शियल गाड़ियां (6 साल से ज्यादा लेकिन 10 साल से ज्यादा नहीं)1 साल
BS-6 कमर्शियल गाड़ियां (10 साल से ज्यादा पुरानी)6 महीने

रिन्यूअल से जुड़े दो खास नियम

अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पहले से जारी सर्टिफिकेट पर नई वैधता अवधि नियम लागू होने के बाद होने वाले पहले रिन्यूअल से प्रभावी होगी। इसके अलावा, यदि कोई वाहन मालिक सर्टिफिकेट की एक्सपायरी डेट से 10 दिन पहले रिन्यूअल कराता है, तो नया प्रमाणपत्र पुरानी एक्सपायरी तारीख से ही प्रभावी माना जाएगा। वहीं, एक्सपायरी डेट बीत जाने के बाद रिन्यू कराने पर यह सर्टिफिकेट रिन्यूअल की तारीख से लागू होगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *