- मौसम सर्द होने के कारण ऋषिकेश में राफ्टिंग कारोबार पर असर पड़ा है, पिछले एक सप्ताह में पर्यटकों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई है
ऋषिकेश : मौसम सर्द होने के साथ इसका असर राफ्टिंग कारोबार पर नजर आने लगा है। पिछले एक सप्ताह में 5261 पर्यटक ही राफ्टिंग के लिए पहुंचे। कारोबारियों का अनुमान है कि बीस दिसंबर तक यही स्थिति बनी रहेगी। उसके बाद क्रिसमस और नया साल मनाने के लिए पर्यटक पहुंचेंगे।
अक्टूबर में 42,248 पर्यटकों ने की राफ्टिंग
पर्यटन सीजन सितंबर से जून तक चलता है। तीस जून को मानसून अवधि के लिए राफ्टिंग गतिविधियों पर रोक लगा दी जाती है। उसके बाद पंद्रह सितंबर के आसपास राफ्टिंग फिर शुरू की जाती है। इस साल लगातार वर्षा के चलते सितंबर के आखिरी में राफ्टिंग शुरू हुई थी। अक्टूबर में 42,248 पर्यटकों ने राफ्टिंग की।
नवंबर में चारों धामों के कपाट बंद हुए थे। धामों में दर्शन के लिए जाने वाले कई युवा श्रद्धालु वापसी में राफ्टिंग भी करते हैं। अब मौसम सर्द होने धामों के कपाट बंद होने के साथ ही राफ्टिंग करने वाले पर्यटकों की संख्या कम हो गई है। पिछले एक सप्ताह में केवल 5261 पर्यटक राफ्टिंग के लिए पहुंचे। धीरे-धीरे यह संख्या और कम होती जाएगी।
राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र नेगी ने बताया कि मौसम सर्द होने के चलते राफ्टिंग करने वाले पर्यटक कम पहुंच रहे हैं। बताया कि शादियों का सीजन भी चल रहा है। अब क्रिसमस के आसपास से कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। क्रिसमय और नया साल मनाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, वह राफ्टिंग भी करते हैं। उसके बाद फिर बीस जनवरी के आसपास से राफ्टिंग करने वालों की संख्या बढ़ती है।

