- जीएलए विश्वविद्यालय में डॉ. एम.सी. चतुर्वेदी स्मृति व्याख्यान में राज्यसभा के उपसभापति ने विद्यार्थियों से किया संवाद
दैनिक उजाला, मथुरा: जीएलए विश्वविद्यालय एवं जनसांस्कृतिक मंच, मथुरा के तत्वावधान में विश्वविद्यालय में शनिवार को डॉ. एम.सी. चतुर्वेदी स्मृति व्याख्यान का आयोजन किया गया। ‘विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं को ज्ञान, नवाचार, परिश्रम और नैतिक मूल्यों के साथ देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद स्वर्गीय डॉ. एम.सी. चतुर्वेदी के चित्रपट पर विशिष्ट अतिथियों एवं उनके परिजनों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने स्वागत भाषण देते हुए मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, विद्यार्थियों की प्रतिभा और समाज के विकास में शिक्षा की भूमिका को रेखांकित करते हुए आयोजन की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
केंद्रीय सूचना आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथि हरिवंश का परिचय देते हुए उनके जीवन से जुड़ी स्मृतियों, सार्वजनिक जीवन के अनुभवों और उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों से उपस्थित जनसमूह को अवगत कराया। वहीं, आईआईएलएम के डायरेक्टर जनरल डॉ. हरिवंश चतुर्वेदी ने स्वर्गीय डॉ. एम.सी. चतुर्वेदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके शैक्षणिक योगदान, दूरदर्शिता और विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने वाले उनके विचारों को साझा किया।
आजादी के सौ वर्ष पूरे होने पर विकसित राष्ट्र बनने का स्पष्ट लक्ष्य सामने

मुख्य अतिथि राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं को केवल शैक्षणिक डिग्री तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनमें ज्ञान, नवाचार, परिश्रम, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव भी होना चाहिए। उन्होंने वर्ष 2004 के आसपास की एक अंतरराष्ट्रीय आर्थिक घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियां भी नैतिक मूल्यों की अनदेखी के कारण संकट में आ सकती हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति कितना भी प्रतिभाशाली क्यों न हो, यदि उसके जीवन और कार्यशैली में नैतिक मूल्य नहीं हैं तो वह राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान नहीं दे सकता। भारतीय परिवारों और समाज से मिलने वाले संस्कार, ईमानदारी तथा कठिन परिश्रम ही मजबूत व्यक्तित्व और बेहतर समाज की आधारशिला हैं।
उन्होंने वैश्विक विकास की समयरेखा का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 1945 से 1950 के बीच चीन ने अपने भविष्य के विकास के लिए दीर्घकालिक लक्ष्य निर्धारित किए और लगभग सौ वर्षों की विकास यात्रा का दृष्टिकोण सामने रखा। इसी दूरदर्शिता के परिणामस्वरूप चीन ने कुछ दशकों में ऐसी प्रगति की, जिसके लिए दूसरे विकसित देशों को लंबा समय लगा था। उन्होंने कहा कि भारत में भी वर्ष 2014 के बाद वर्ष 2047 तक, यानी आजादी के सौ वर्ष पूरे होने पर विकसित राष्ट्र बनने का स्पष्ट लक्ष्य सामने आया है। युवाओं को इस लक्ष्य को अपना संकल्प बनाना होगा। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने बताया कि किस तरह एक शिक्षक की चुनौती को स्वीकार कर कलाम ने लगातार 36 घंटे मेहनत करके विमान का डिजाइन तैयार किया। यह उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिभा के साथ कठोर परिश्रम और दृढ़ इच्छाशक्ति सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
जीएलए की स्थापना के पीछे ज्ञान केंद्र विकसित करने की दूरदर्शी सोच
हरिवंश ने बेंगलुरु के विकास का उदाहरण देते हुए लगभग 25 वर्ष पुराने एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में जापान, चीन, पोलैंड और ब्रिटेन जैसे देशों के प्रधानमंत्री दिल्ली के बजाय बेंगलुरु पहुंचे थे। इसकी वजह बेंगलुरु का तेजी से उभरता तकनीकी और नवाचार केंद्र होना था। उन्होंने इस उदाहरण के माध्यम से समझाया कि दूरदर्शी नेतृत्व, उद्यमिता, तकनीकी दक्षता और नवाचार किसी शहर को वैश्विक पहचान दिला सकते हैं। उन्होंने जीएलए विश्वविद्यालय की स्थापना के पीछे ज्ञान केंद्र विकसित करने की दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिक्षण संस्थान देश की ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवाओं को अनुसंधान, तकनीक, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में नए अवसर तलाशते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि से नवाचार, सरकारी नौकरी के अवसरों, युवाओं के भविष्य और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका से जुड़े सवाल पूछे। हरिवंश ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का जवाब देते हुए उन्हें अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर सीखने और बदलते समय की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर जीएलए विश्वविद्यालय के सीएफओ डॉ. विवेक अग्रवाल ने मुख्य अतिथि हरिवंश को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के कुलसचिव अशोक कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, नवाचार, अनुसंधान, विद्यार्थियों की उपलब्धियों और प्लेसमेंट संबंधी प्रगति से अवगत कराया। जनसांस्कृतिक मंच, मथुरा के अध्यक्ष राजकिशोर अग्रवाल ने सभी अतिथियों, विश्वविद्यालय प्रबंधन, आयोजन से जुड़े सदस्यों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. हिमांशु शर्मा, निहारिका सिंह, आशिमा आहूजा का सहयोग सराहनीय रहा। कार्यक्रम का संचालन सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन आईकेएस के असिस्टेंट प्रोफेसर अभिनव तिवारी ने कार्यक्रम का संचालन किया।

