लखनऊ : योगी सरकार ने शुक्रवार को 28 आईपीएस अफसरों के ट्रांसफर कर दिए। इनमें 4 जिलों के पुलिस कमिश्नर को भी बदला गया है। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का कमिश्नर बनाया गया है।
नोएडा की कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद कमिश्नर बनाया गया है। वे भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह की पत्नी हैं। पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते वह दिल्ली से सटे जिलों में ही तैनात रहना चाहती थीं।
प्रयागराज पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को लखनऊ में एडीजी स्थापना बनाया गया है। गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड़ को नोएडा का कमिश्नर बनाया गया है।
इसके अलावा, दो एसएसपी की अदला-बदली की गई है। अयोध्या से गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद और मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या भेजा गया है।
इन अधिकारियों की भी बदली तैनाती: अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी बनाया गया है। मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या भेजा गया है। गौतमबुद्धनगर की डीसीपी सुनीति को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में एसपी बनाया गया है।
पीएसी और अन्य इकाइयों में भी बदलाव किए गए हैं। आठवीं वाहिनी पीएसी बरेली के सेनानायक आकाश तोमर को डॉ. बीआर आंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद का एसपी बनाया गया है। 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के सेनानायक अमित कुमार प्रथम को ईओडब्ल्यू का एसपी बनाया गया है। 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा के सेनानायक नरेंद्र कुमार सिंह को पीटीसी सीतापुर का एसपी बनाया गया है।
36वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी के सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पांडेय को एसपी कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं बनाया गया है। 30वीं वाहिनी पीएसी गोंडा के सेनानायक त्रिभुवन सिंह को एसपी जीआरपी मुख्यालय लखनऊ और 42वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज के सेनानायक राजेश कुमार श्रीवास्तव को एसपी अभिसूचना मुख्यालय बनाया गया है। 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ के सेनानायक सुशील कुमार शुक्ला को एसपी पीटीएस गोरखपुर और 33वीं वाहिनी पीएसी झांसी के सेनानायक अजीत कुमार सिन्हा को एसपी यूपी पावर कॉरपोरेशन बनाया गया है।
कानपुर नगर के डीसीपी दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज कमिश्नरेट और प्रयागराज के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर भेजा गया है। गौतमबुद्धनगर की डीसीपी प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा का सेनानायक बनाया गया है।
तीन अधिकारियों के तबादले निरस्त
तबादला आदेश में तीन अधिकारियों के पूर्व में जारी स्थानांतरण भी निरस्त किए गए हैं। पुनीत द्विवेदी को एडीसीपी गाजियाबाद, नीतू को एडीसीपी लखनऊ और अमित कुमावत को एडीसीपी आगरा बनाया गया है। इनके पूर्व में लखनऊ, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में तैनाती के आदेश निरस्त किए गए हैं।

