जयपुर : जयपुर के गलतागेट थाने में बुधवार को भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ FIR दर्ज हुई। हवामहल से विधायक बालमुकुंद आचार्य पर अभद्र भाषा का यूज करने का आरोप है। उन्होंने उसका वीडियो बनवाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया।
गलतागेट थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर विधायक के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया- ईदगाह के वन विहार कॉलोनी निवासी मोहम्मद याकूब खान ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
सेशन जज को मकान बेचकर जाने का दबाव बनाया
मोहम्मद याकूब ने शिकायत में बताया कि वह राजस्थान हाईकोर्ट में एडवोकेट है। उनके ताऊजी के बेटे मोहम्मद आरिफ सेशन जज कैडर के न्यायिक अधिकारी हैं, जो जयपुर के बाहर पदस्थापित हैं।
बास बदनपुरा की मीणा कॉलोनी में 31 जुलाई 2025 को सेशन जज मोहम्मद आरिफ ने मकान खरीदा था। 10 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 11:30 बजे मोहम्मद आरिफ के घर के बाहर विधायक बालमुकुंद आचार्य समर्थकों के साथ पहुंच गए।
आरोप है कि विधायक बालमुकुंद आचार्य ने वहां से पलायन करने की बात करते हुए अभद्र व धमकी भरी भाषा का यूज किया। मकान को बेचकर उनके क्षेत्र से बाहर चले जाने का दबाव बनाया।
अभद्र भाषा में कहा था चौराहे पर कूटूंगा
विधायक ने अभद्र भाषा में कहा था कि ‘नहीं आया क्यों वो चोर, चौराहे पर कूटूंगा आज। वीडियो और बनाऊंगा साले की। कोई बात नहीं मर जाएगा साला। मेरा कहना नहीं मानेगा, उस आदमी का यही हाल होगा।’
आरोप है कि विधायक बालमुकुंद नहीं चाहते कि इस क्षेत्र में कोई मुस्लिम आकर मकान खरीदे और अपने मकान की मरम्मत भी करवाए। सेशन जज मोहम्मद आरिफ भी उस क्षेत्र से मकान बेचकर सी-स्कीम या वैशाली नगर चले जाएं।
इस घटना का विधायक की ओर से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। कुछ समय बाद वीडियो को हटा भी दिया गया। उस वीडियो की क्लिप सोशल मीडिया पर अब भी वायरल हो रही है।
आरोप- चोरी के पीछे भी साजिश
आरोप है कि जज मोहम्मद आरिफ के उस क्षेत्र में मकान खरीदने के कारण ही टारगेट किया गया। बार-बार कैमरे को मकान की दीवार पर लिखे नाम की तरफ कर अभद्र भाषा का यूज कर धमकी दी गई। इससे पीड़ित ने खुद और परिवारजनों पर विधायक व उनके समर्थकों के हमला करने की आशंका जताई।
जज मोहम्मद आरिफ के मकान पर दो बार चोरी हुई। दोनों बार हुई चोरियों की शिकायत गलतागेट थाने में दी गई। पुलिस की ओर से दोनों ही चोरियों की रिपोर्ट दर्ज करने में एक-एक महीने का समय लग गया। दोनों ही परिवाद की जांच अभी भी पेंडिंग है।
दोनों ही चोरियों के तरीके से लगता है कि चोरी हुई नहीं, बल्कि साजिश रचकर करवाई गई है। चोरी में उन लोगों का हाथ है, जो चाहते है कि मोहम्मद आरिफ यहां से मकान बेचकर कहीं ओर चले जाए।

