दैनिक उजाला, मथुरा : राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीएलए विश्वविद्यालय के बीसीए के छात्र ने कांस्य पदक जीतकर विश्वविद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। आल इंडिया यूनिवर्सिटी द्वारा सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ में बीते दिनों आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में 90 किलोग्राम भार वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की गई। इस सफलता के साथ ही अब छात्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।
जीएलए विश्वविद्यालय के बीसीए के छात्र हार्दिक चौधरी ने प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अपने नाम किया। चार दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के लगभग 69 विश्वविद्यालयों के 1320 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खास बात यह रही कि हार्दिक ने सेमीफाइनल मुकाबले में यूनिवर्सिटी ऑफ कैलीकट, केरल के छात्र एवं भारत के शीर्ष प्रो पंजा लीग आर्म रेसलर स्टीव जॉन के साथ मुकाबला किया। कड़े संघर्ष के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए हार्दिक ने प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया।
पदक जीतकर विश्वविद्यालय परिसर लौटने पर हार्दिक का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति ने 21 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल ने हार्दिक को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की।
छात्र की उत्कृष्ट सफलता पर जीएलए के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानना और उसे सही दिशा में आगे बढ़ाना विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर संघर्ष की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। हार्दिक ने अपनी मेहनत और समर्पण से यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। हमें विश्वास है कि हार्दिक भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी देश और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे। विश्वविद्यालय ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उन्हें हरसंभव संसाधन एवं प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता, चीफ फाइनेंस ऑफिसर डॉ. विवेक अग्रवाल एवं कुलसचिव अशोक कुमार सिंह ने हार्दिक को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को भी समान महत्व देता है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हार्दिक की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के खेल इतिहास में एक और गौरवपूर्ण अध्याय है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. हिमांशु शर्मा, सीनियर मैनेजर स्पोर्ट्स एंड इवेंट्स एंड्रे एस. बेंजामिन, खेल मीडिया प्रभारी एवं कोच भूपेंद्र कुमार मिश्रा, जेपी सिंह, अमित शर्मा, ब्रज बिहारी सिंह, आशीष कुमार राय, श्याम नारायण राय, आकाश कुमार, राहुल उपाध्याय, मनुदेव आर्य, रितु जाट तथा प्रिया तांगड़ सहित सभी शिक्षकों एवं खेल प्रशिक्षकों ने हार्दिक को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

