Breaking
Thu. Nov 26th, 2026

संविधान दिवस के अवसर पर PM मोदी ने लिखा लेख, विपक्ष को दी नसीहत, युवाओं को भी दिया खास संदेश

  • संविधान दिवस के अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने लेख लिखा है और संविधान को देश का पथप्रदर्शक बताया है

आज गुरुवार को देशभर में संविधान दिवस मनाया जा रहा है। आज ही के दिन 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि के सम्मान में देशभर में संविधान दिवस मनाया जाता है। बीजेपी से लेकर कांग्रेस तक अपने अपने तरीके से आज संविधान दिवस मना रहे हैं। बीजेपी आज देश भर में कई जगहों पर संविधान गौरव दिवस मना रही है। संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लेख भी लिखा है। संविधान दिवस के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने लेख के जरिए संविधान को देश का पथप्रदर्शक बताया है।

संविधान देश की प्रगति का आधार

PM मोदी ने संविधान की ताकत, उसकी मूल भावना और बदलते भारत में संविधान की भूमिका का जिक्र करते हुए, संविधान को देश की प्रगति का आधार बताया है। तो वहीं पीएम मोदी ने विपक्ष को नसीहत भी दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लेख में लोकतंत्र की मजबूती के लिए संस्थाओं के सम्मान पर जोर दिया है। संविधान के प्रति युवाओं में जागरूकता को जरूरी बताते हुए पीएम मोदी ने लिखा- युवा संविधान की मूल भावना को समझें और अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहें।

संविधान दिवस पर पीएम मोदी की बड़ी बातें

  1. भारत की सभ्यतागत विरासत से जुड़ा आधुनिक संविधान: प्रधानमंत्री मोदी ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों को नमन किया। उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति लोगों, विशेषकर युवाओं की भागीदारी और जुड़ाव बढ़ाने के लिए उनकी सरकार ने संविधान दिवस की शुरुआत की।
  2. जन्म की परिस्थितियां भविष्य की सीमाएं तय नहीं करतीं: पीएम मोदी ने अपने सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि वाले परिवार में जन्म और बिना किसी विशेष सुविधा के बचपन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि संविधान की वजह से ही उनके जैसे सामान्य परिवार में जन्मे व्यक्ति को दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा करने की जिम्मेदारी मिल सकी।
  3. सामाजिक और आर्थिक न्याय का वादा हकीकत बन रहा है: पीएम ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने पीएम आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और यूपीआई को संविधान के सामाजिक-आर्थिक न्याय के वादे को जमीन पर उतारने वाले उदाहरण बताया।
  4. तीन महत्वपूर्ण संविधान संशोधनों से लंबे समय से चली आ रही मांगें पूरी हुईं- 101वां संविधान संशोधन: जीएसटी लागू करने का रास्ता साफ हुआ। 102वां संविधान संशोधन: राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला। 103वां संविधान संशोधन: आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 10% आरक्षण का प्रावधान हुआ।
  5. संविधान अब आम भारतीयों के और करीब: पहली बार संविधान आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। भारतीय न्याय संहिता के जरिए औपनिवेशिक सोच वाली ‘दंड’ व्यवस्था से नागरिक केंद्रित ‘न्याय’ व्यवस्था की ओर बदलाव किया गया है।
  6. सत्ता की भूखी और संविधान विरोधी नेतृत्व की मानसिकता: पीएम मोदी ने पहले संविधान संशोधन का जिक्र करते हुए कहा कि इससे मौलिक स्वतंत्रताओं पर प्रतिबंध लगाए गए। 42वें संशोधन से न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित की गई। उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का अध्ययन करने की अपील की, ताकि वे समझ सकें कि सत्ता की भूखी और संविधान विरोधी सरकारें क्या कर सकती हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक पार्टी ने अनुच्छेद 356 का लगभग 100 बार दुरुपयोग कर निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त किया और एक प्रधानमंत्री ने 50 से अधिक बार इसका इस्तेमाल किया।
  7. संविधान के अधिकार देश के हर हिस्से तक पहुंचे: पीएम मोदी ने कहा कि 2019 में अनुच्छेद 370 और 35A में किए गए बदलावों से ऐतिहासिक अन्याय दूर हुआ, जिसके कारण SC, ST, OBC और महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रहना पड़ा था। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे से गरीबों को बिना किसी डर के अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने का अवसर मिला है। अब केवल ‘दिमागी नक्सली’ भारत की विकास यात्रा को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं।
  8. OBC आरक्षण और मुस्लिम आरक्षण पर विपक्ष को घेरा: पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी OBC आरक्षण का हिस्सा कम करके मुस्लिम आरक्षण लाना चाहती है। उन्होंने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान निर्माताओं ने मुस्लिम आरक्षण का स्पष्ट विरोध किया था।
  9. नारी शक्ति के न्याय और अधिकारों को कोई नहीं रोक सकता: पीएम मोदी ने संविधान निर्माण में योगदान देने वाली महिलाओं को याद किया और महिला आरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विपक्ष पर महिला आरक्षण विधेयक को रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रमुख विपक्षी दल अब ‘विरोध पक्ष’ के बजाय ‘अवरोध पक्ष’ बन गया है।
  10. सोच में ‘इंडिया फर्स्ट’, काम में ‘कर्तव्य’ का भाव: प्रधानमंत्री ने नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और अपने कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन्हीं मूल्यों के आधार पर 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

बीजेपी देशभर में संविधान गौरव दिवस मनाएगी

आज संविधान दिवस के मौके पर बीजेपी देशभर में संविधान गौरव दिवस मनाएगी। आज से 30 नवंबर तक पांच दिनों के लिए बीजेपी देशव्यापी संविधान जागरूकता अभियान चलाएगी जिसके तहत संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी है। इसी क्रम में आज गृह मंत्री अमित शाह नई दिल्ली में कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। ये कार्यक्रम दोपहर साढ़े 3 बजे श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में होगा। इसके अलावा बीजपी अध्यक्ष नितिन नवीन पटना में कार्यक्रम को संबोधित करेंगे तो केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा गुजरात के अहमदाबाद में सार्वजनिक कार्यक्रम करेंगे। बता दें कि दूसरी ओर भाजपा ने 1 दिसंबर से ‘सेवा दूत अभियान’ चलाने का भी फैसला किया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *