Breaking
Thu. Nov 26th, 2026

सपा का घोषणापत्र- जीते तो युवाओं को ₹5000 बेरोजगारी भत्ता:वृद्ध महिलाओं को सालाना ₹40 हजार, 1.5 लाख शिक्षा मित्रों को टीचर्स के बराबर वेतन

लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस पर पार्टी का चुनावी घोषणा-पत्र जारी किया। इसमें युवाओं को हर महीने ₹5,000 बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही गई है। अखिलेश ने कहा कि सरकार बनने पर पुरानी पेंशन बहाल करेंगे और शिक्षामित्रों को टीचरों के बराबर वेतन देंगे।

अखिलेश ने कहा कि बंद किए गए स्कूलों को फिर से खोला जाएगा। शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और शिक्षकों को बराबर वेतन देने के लिए काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को भी अच्छा वेतन दिया जाएगा। उन्हें नौकरी में पक्का करने के लिए भी काम करेंगे।

अखिलेश ने कहा;-

QuoteImage

कुछ लोग हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं। संविधान संशोधन के नाम पर किए जाने वाले किसी भी षड्यंत्र को नाकाम करने के लिए हम सब एकजुट हैं और मुकाबले के लिए तैयार हैं। अच्छे दिन तो आए नहीं, बुरे दिन जाने वाले हैं।QuoteImage

घोषणा-पत्र को ‘जन-मन घोषणा पत्र’ और ‘सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया गया है। महिलाओं के लिए अलग घोषणा-पत्र और 75 जिलों के हिसाब से अलग विजन भी सामने आ सकता है।

अखिलेश बोले- संगठित अपराध पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाएंगे

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों समेत हर नागरिक के खिलाफ होने वाले संगठित अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

अखिलेश बोले- यूपी में 5 सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाएंगे

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर राज्य स्वास्थ्य नीति-2027 लाई जाएगी। प्रदेश में पांच सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे। 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को भी बेहतर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कैंसर का इलाज बहुत महंगा है, जिसे गरीब परिवारों के लिए कराना मुश्किल होता है। सपा सरकार में बने कैंसर इंस्टीट्यूट को फिर से बेहतर तरीके से चलाया जाएगा। वहां इलाज के साथ कैंसर पर रिसर्च भी होगी। गरीब मरीजों का पूरा इलाज मुफ्त कराया जाएगा।

अखिलेश बोले- सरकारी अस्पतालों को खुद इलाज की जरूरत

अखिलेश यादव ने सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब वहां मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मेडिकल लापरवाही का उदाहरण देते हुए बताया कि एक मरीज पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल में भर्ती हुआ था। सही इलाज न मिलने के कारण एक हफ्ते में उसका हाथ काटना पड़ा।

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों ने उस मरीज का पूरा इलाज कराया। उसे आधुनिक कृत्रिम हाथ भी लगवाया गया। उन्होंने कहा कि जल्द ही उस व्यक्ति को कृत्रिम हाथ लगा हुआ दिखेगा, जिसका भाजपा सरकार में इलाज न मिलने के कारण हाथ काटना पड़ा था।

अखिलेश बोले- देश संविधान से चलेगा, मन-विधान से नहीं

अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ प्रभुत्ववादी और स्वार्थी लोग अपनी परंपरागत सत्ता बनाए रखने के लिए संविधान बदलने की बात कर रहे हैं। समीक्षा और पुनर्विचार के नाम पर संविधान को मिटाने की कोशिश हो रही है। ऐसे में सभी संविधान प्रेमियों का कर्तव्य है कि वे एकजुट होकर ऐसी किसी भी साजिश को सफल न होने दें।

उन्होंने कहा कि संविधान शोषित और वंचित लोगों के लिए ढाल की तरह खड़ा है। कुछ ताकतें देश को संविधान से नहीं, बल्कि मन-विधान से चलाना चाहती हैं। अखिलेश ने कहा, “हमारा देश संविधान से चलेगा, मन-विधान से नहीं।”

उन्होंने कहा कि आज संविधान को लेकर संघर्ष का समय है। एक तरफ वे लोग हैं, जो सत्ता पाने के लिए संविधान का दुरुपयोग करना चाहते हैं, जबकि दूसरी तरफ हम संविधान से हर तरह का भेद मिटाना, आरक्षण बचाना और समाज में समानता का भाव जगाना चाहते हैं।

आजम बोले- अखिलेश भी 6 महीने जेल में रहते

आजम खान ने कहा, “आज दिल चाहता है कि छह महीने के लिए अखिलेश भी जेल आ जाते, ताकि उन्हें सच मालूम होता कि वहां दिन कैसे गुजरते हैं और रातें कैसे कटती हैं। और क्या कहूं…”

आजम बोले- मुर्गी चोरी में सजा मिली, मुर्गी भी हाथ नहीं आई

आजम खान ने जेल की सजा और मुकदमों का जिक्र करते हुए कहा कि वह अपनी बेगुनाही के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “मुर्गी चोरी के जुर्म में इतनी बड़ी सजा दी गई। मुझे शिकायत उन ताकतवर लोगों से है, जिन्होंने ये मुकदमे दर्ज कराए। कम से कम धारा तो ऐसी होती कि हमने मुर्गी चोरी की है। अरे, मुर्गी चोरी करने में मुर्गी तो हाथ आती, यहां तो मुर्गी भी हाथ नहीं आई।”

उन्होंने दावा किया कि मुर्गी चोरी के मामले में उन्हें 21 साल की सजा और 36 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। उनकी पत्नी और बेटे को भी संबंधित मामलों में अधिकतम सजा दी गई।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *