Breaking
Thu. Nov 26th, 2026

‘ना ठाकुर राज, ना यादव राज, अब आएगा जनता का राज’, लखनऊ की रैली में ओवैसी का बड़ा बयान

  • असदुद्दीन ओवैसी ने लखनऊ की रैली में कहा कि आज वोट तो जनता से लिया जाता है लेकिन राज जनता का नहीं होता

यूपी चुनाव 2027 के लिए गठबंधन करने वाले AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने संविधान दिवस के मौके पर आज (गुरुवार को) लखनऊ में दम-खम दिखाया। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने आज रमाबाई मैदान में रैली की। इस मौके पर संबोधन करते हुए ओवैसी ने कहा कि हम सब अपनी मेहनत, अपने इत्तेहाद और अपनी दुआओं के बल पर आने वाले विधानसभा चुनाव में चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएंगे। हम सब मिलकर बीजेपी को तीसरी मर्तबा सरकार बनाने से रोकेंगे, इंशाअल्लाह!

रैली में भीड़ को देख गदगद हुए ओवैसी

ओवैसी ने कहा, ‘मुझे पूरा यकीन है कि इतनी बड़ी तादाद में आपका यहां जमा होना उत्तर प्रदेश की आवाम को एक पैगाम देता है। यहां लाखों लोगों की मौजूदगी नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ को भी एक पैगाम देती है। यहां आपका इतनी बड़ी तादाद में जमा होना समाजवादी पार्टी के नेताओं के लिए भी एक पैगाम है कि अब जनता तुम्हारी मौकापरस्ती और धोखेबाजी का शिकार नहीं होगी। यह एक नेक शुरुआत है। यह भागीदारी, भाईचारे और इंसाफ की शुरुआत है।’

बाबासाहेब ने देश को हिंदू राष्ट्र बनने से रोका

AIMIM चीफ बोले कि मेरे भाई चंद्रशेखर आजाद सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का मुख्यमंत्री चेहरा हैं। उनकी कामयाबी उम्मीद की कामयाबी होगी, इंसाफ की कामयाबी होगी और जुल्म के खात्मे की कामयाबी होगी। उनकी कामयाबी से एक नए दौर का आगाज होगा। आज ही के दिन इस देश ने बाबासाहेब आंबेडकर के बनाए संविधान को कबूल किया था। इस संविधान का बनना कोई हादसा नहीं था। हमारे बुजुर्गों ने, खास तौर पर बाबासाहेब आंबेडकर ने, इस देश को हिंदू राष्ट्र बनने से रोका था। जो लोग देश को उस रास्ते पर ले जाना चाहते थे, बाबासाहेब की मौजूदगी ने उनके ख्वाब चकनाचूर कर दिए।

यह देश बाबासाहेब के उसूलों पर चलेगा

ओवैसी ने आगे कहा कि कुछ लोग छुआछूत को बरकरार रखना चाहते थे। बाबासाहेब आंबेडकर ने कहा कि हम इसे खत्म करेंगे। संविधान की शुरुआत हिंदू राष्ट्र के जिक्र से या किसी खुदा, देवी या देवता के नाम से नहीं हुई। संविधान की शुरुआत ‘We, the People of India’ यानी ‘हम, भारत के लोग’ से हुई। आज बाबासाहेब आंबेडकर हमारे दरमियान नहीं हैं। मगर संविधान की प्रस्तावना के जरिए उन्होंने हम जैसे कमजोरों और मजलूमों को आजादी, भाईचारे, इंसाफ और बराबरी का पैगाम दिया। बाबासाहेब की सोच थी कि यह देश इन्हीं उसूलों पर चलेगा।

ओवैसी ने की सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का साथ देने की अपील

AIMIM चीफ ने कहा, ‘अगर हम बाबासाहेब से सच्ची मोहब्बत करते हैं और उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश करना चाहते हैं, तो मैं उत्तर प्रदेश की जनता से अपील करता हूं कि आइए, सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का साथ दीजिए। अगर हमें संविधान में कही गई आजादी, बराबरी, भाईचारे और इंसाफ को हासिल करना है, तो हमें अपना इत्तेहाद मजबूत करना होगा और अपने एक-एक वोट का इस्तेमाल सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के हक में करना होगा। इसीलिए बाबासाहेब आंबेडकर ने संविधान बनाते वक्त कहा था कि वोट सबसे बड़ा हथियार है। अगर हम अपने वोट का सही इस्तेमाल करेंगे, तो नाइंसाफी और जुल्म का खात्मा होगा। वरना याद रखिए, नाइंसाफी और जुल्म का यही दौर चलता रहेगा। हमें दबाया जाएगा और हमारे हक हमें नहीं मिलेंगे।’

एक जैसी हैं मुसलमानों, दलितों और कमजोर तबकों की तकलीफें

असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि आरएसएस और संघ परिवार के लोग संविधान के दुश्मन हैं। अगर संविधान बचाने के लिए हमें अपनी जान और माल की कुर्बानी भी देनी पड़ी, तो हमें आगे बढ़कर वह कुर्बानी देनी होगी। अगर संविधान कमजोर हुआ, तो खास तौर पर मुसलमानों, दलितों और कमजोर तबकों के लिए यह जिंदगी और मौत का मसला बन जाएगा। मुसलमानों, दलितों और कमजोर तबकों की तकलीफें और परेशानियां एक जैसी हैं। इसीलिए आप सभी से मेरी गुजारिश है कि अपने वोट से जनता का राज लाइए।

आपके वोट से जनता का राज आएगा

ओवैसी बोले कि आपके वोट से जनता का राज आएगा। स्वराज का मतलब क्या है? इसका मतलब हिंदू राष्ट्र, ठाकुर राज, यादव राज या किसी परिवार का राज नहीं है। स्वराज का मतलब है कि संविधान में जिस बराबरी और हिस्सेदारी की बात कही गई है, उसे हम हासिल करें। आज वोट तो जनता से लिया जाता है, मगर राज जनता का नहीं होता। कभी ठाकुरों का राज होता है, तो कभी यादवों का। हम दोनों को खारिज करते हैं। हम जनता का राज बहाल करेंगे और संविधान को मजबूत करेंगे। इसीलिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया गया है। उधर, कांठ से सपा के पूर्व विधायक अनीसुर्रहमान सैफी ने AIMIM का हाथ थाम लिया है और इससे ओवैसी का कुनबा बढ़ गया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *