- केंडल जेनर की बहामास वेकेशन की तस्वीरों ने विवाद खड़ा कर दिया है, स्विमवियर के ऊपर ‘ॐ’ प्रिंटेड सारोंग पहनने पर भारतीय यूजर्स ने नाराजगी जताई और इसे हिंदू धर्म का अपमान बताया
अमेरिकी मॉडल और टीवी पर्सनैलिटी केंडल जेनर एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका फैशन स्टाइल नहीं बल्कि एक ऐसा पहनावा है, जिसने धार्मिक भावनाओं से जुड़ी बहस छेड़ दी है। दरअसल, केंडल की बहामास वेकेशन की कुछ तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें वह स्विमवियर के ऊपर ‘ॐ’ का निशान बना हुआ एक कपड़ा पहने नजर आ रही हैं। उनकी इन तस्वीरों को देखने के बाद कई भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स ने नाराजगी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि हिंदू धर्म में ‘ॐ’ का विशेष आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व है और इसे बीचवियर या फैशन एक्सेसरी की तरह इस्तेमाल करना आस्था का अपमान है।
बहामास वेकेशन की तस्वीरों से शुरू हुआ विवाद
दरअसल केंडल जेनर अपनी बहन काइली जेनर के साथ मॉडल हेली बीबर का 30वां जन्मदिन मनाने बहामास पहुंची थीं। इस दौरान दोनों बहनों ने यॉट पर छुट्टियां बिताईं। काइली ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस ट्रिप की कुछ तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा, ‘दुनिया की सबसे प्यारी लड़की।’ इन तस्वीरों में दोनों बहनें अलग-अलग अंदाज में नजर आ रही हैं। एक तस्वीर में वे एक-दूसरे को गले लगाती दिख रही हैं, जबकि दूसरी में समुद्र के सामने पोज दे रही हैं। केंडल ने काले रंग की टू-पीस बिकिनी पहनी हुई है। इसके ऊपर उन्होंने पीले और लाल रंग का सारोंग लपेटा है, जिस पर ‘ॐ’ के निशान बने हुए हैं। वहीं काइली काले रंग की फिटेड मिडी ड्रेस में दिखाई दे रही हैं। तस्वीरें सामने आने के बाद केंडल का यह पहनावा विवाद की वजह बन गया।
भारतीय यूजर्स ने जताई नाराजगी, सोशल मीडिया पर उठे सवाल
केंडल की तस्वीरें इंस्टाग्राम के अलावा एक्स और रेडिट जैसे प्लेटफॉर्म पर भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं। कई भारतीय यूजर्स ने उनके पहनावे पर आपत्ति जताते हुए इसे हिंदू धर्म के प्रति असंवेदनशील रवैया बताया है। कुछ लोगों का कहना है कि ‘ॐ’ कोई सामान्य डिजाइन या सजावटी निशान नहीं है, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा पवित्र प्रतीक है। एक यूजर ने टिप्पणी की कि उन्हें इस मामले में बड़े विवाद की आशंका नजर आ रही है। वहीं दूसरे यूजर ने केंडल की आलोचना करते हुए लिखा कि उन्हें सनातन धर्म के पवित्र प्रतीक को इस तरह इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। एक अन्य यूजर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘ॐ’ आध्यात्मिक साधना और श्रद्धा का प्रतीक है, न कि समुद्र किनारे पहने जाने वाली कोई सामान्य फैशन एक्सेसरी। उनका कहना था कि धार्मिक प्रतीकों को फैशन ट्रेंड बनाने से बचना चाहिए।
कुछ लोगों ने किया केंडल का बचाव
हालांकि इस पूरे विवाद में कुछ यूजर्स के विचार अलग भी हैं। उनका मानना है कि संभव है केंडल को ‘ॐ’ के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व की जानकारी न हो। ऐसे में उनके पहनावे को जानबूझकर किया गया अपमान नहीं माना जाना चाहिए, लेकिन इस तर्क से असहमत लोगों का कहना है कि योग और ध्यान की लोकप्रियता दुनियाभर में है। ऐसे में किसी अंतरराष्ट्रीय सेलिब्रिटी के लिए ‘ॐ’ जैसे व्यापक रूप से पहचाने जाने वाले प्रतीक के महत्व से अनजान होना समझ से परे है। फिलहाल केंडल जेनर की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हिंदू धर्म में क्यों इतना पवित्र माना जाता है ‘ॐ’?
‘ॐ’ हिंदू धर्म के सबसे महत्वपूर्ण और पवित्र प्रतीकों में से एक है। इसे ब्रह्म यानी परम सत्य और सार्वभौमिक चेतना से जोड़कर देखा जाता है। पूजा-पाठ, मंत्रोच्चार, ध्यान और धार्मिक अनुष्ठानों में इसका विशेष स्थान है। आमतौर पर धार्मिक पाठ की शुरुआत और समापन में भी ‘ॐ’ का उच्चारण किया जाता है। हिंदू दर्शन में इसे तीन ध्वनियों अ, उ और म के मेल के रूप में समझाया गया है। मांडूक्य उपनिषद में इन ध्वनियों को चेतना की तीन अवस्थाओं- जागृत, स्वप्न और गहरी निद्रा से जोड़ा गया है। यही वजह है कि इस प्रतीक को केवल एक धार्मिक चिह्न नहीं, बल्कि आध्यात्मिक दर्शन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।
कौन हैं केंडल जेनर?
केंडल जेनर अमेरिकी मॉडल, सोशलाइट और टेलीविजन पर्सनैलिटी हैं। उन्हें रियलिटी शो ‘कीपिंग अप विद द कार्दशियन्स’ से दुनियाभर में पहचान मिली थी। वह 2007 से 2021 तक इस शो के सभी 20 सीजन का हिस्सा रही थीं। इसके अलावा उन्होंने कई स्पिन-ऑफ शो में भी काम किया है। केंडल फरवरी 2017 में भारत भी आई थीं। उस दौरान वह जयपुर पहुंची थीं और वहां गहनों की खरीदारी को लेकर उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई थीं।

