दैनिक उजाला, मथुरा : जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के जैव प्रौद्योगिकी विभाग के विद्यार्थियों ने हाल ही में विभाग के एमओयू पार्टनर पतंजलि रिसर्च फाउंडेशन, हरिद्वार तथा डीएनए लैब्स सीआरआईएस, देहरादून का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण में एम.एससी. बायोटेक्नोलॉजी एवं माइक्रोबायोलॉजी अंतिम वर्ष तथा बी.एससी. बायोटेक्नोलॉजी द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस शैक्षणिक भ्रमण का नेतृत्व विभाग के प्रोफेसर डॉ. सौरभ गुप्ता, डॉ. खुशबू दसौनी तथा समीक्षा अग्रवाल ने किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को औषधीय पौधों पर आधारित शोध सुविधाओं, उच्चस्तरीय प्रयोगशालाओं, उन्नत उपकरणों और अत्याधुनिक तकनीकों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ। साथ ही, प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों के साथ हुए संवाद ने विद्यार्थियों को शोध एवं नवाचार की व्यावहारिक समझ प्रदान की।
एम.एससी. एवं बी.एससी. के विद्यार्थियों ने संस्थानों में उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं तथा छह माह के शोध-प्रबंध संबंधी अवसरों में विशेष रुचि दिखाई। इस संबंध में संबंधित औद्योगिक संस्थानों की ओर से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई। संस्थानों ने विद्यार्थियों को भविष्य में प्रशिक्षण एवं छह माह के शोध के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने में रुचि व्यक्त की।
जैव प्रौद्योगिकी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. अंजना गोयल ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप से समझने का महत्वपूर्ण अवसर होते हैं। प्रतिष्ठित शोध एवं औद्योगिक संस्थानों की प्रयोगशालाओं में आधुनिक तकनीकों और शोध सुविधाओं को करीब से देखने से विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे अनुभव विद्यार्थियों को शोध एवं नवाचार के प्रति प्रेरित करने के साथ उनके भविष्य के लिए नए अवसर भी उपलब्ध कराते हैं। विभाग के सह प्रमुख डॉ. हिमांशु गुप्ता ने भी संकाय सदस्यों के प्रयासों की सराहना की।
कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने इस सफल शैक्षणिक पहल पर विभाग को बधाई दी और विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य एवं उनके शोध कार्यों के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित कीं। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी और अनुभवसमृद्ध साबित हुआ, जिसने उनके अकादमिक कौशल एवं अनुसंधान दृष्टिकोण को नई दिशा प्रदान की। यह नवीन जानकारी विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में मील का पत्थर साबित होगी।

