मथुरा : मथुरा में जीजा ने अपने सालों की घुड़चढ़ी में दोनों दूल्हों को एक-एक करोड़ रुपए के नोटों की माला पहनाई। 100 फीट लंबी इन मालाओं को संभालने के लिए कई लोगों को जुटना पड़ा।
दरअसल, गांव नगला फोंदा निवासी योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे प्रशांत और कान्हा राघव की शनिवार को घुड़चढ़ी निकाली जा रही थी। दोनों की शादी गोवर्धन के एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस निवासी युवतियों के साथ होनी है।

करीब 100 फीट लंबी इन मालाओं को संभालने के लिए कई लोगों को जुटना पड़ा।

जीजा के इस अनोखे अंदाज की चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है।
मार्बल कारोबारी हैं युवक, जीजा सरपंच
दोनों युवक मार्बल का कारोबार करते हैं, जबकि जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर राजस्थान के कामां के नंदोला गांव के सरपंच (प्रधान) हैं। योगेश ने दोनों सालों को यादगार तोहफा देने का फैसला किया। उन्होंने दोनों को 500-500 रुपए के नए नोटों से बनी एक-एक करोड़ रुपए की माला पहनाई।
100 फीट लंबी माला संभालने में जुटे कई लोग
प्रत्येक माला करीब 100 फीट लंबी थी। माला इतनी विशाल और भारी थी कि उसे संभालने के लिए कई लोगों को एक साथ मशक्कत करनी पड़ी। छत पर खड़े होकर दोनों दूल्हों को मालाएं पहनाई गईं। इस दौरान रिश्तेदार और ग्रामीण इस नजारे को देखते रह गए।
मोबाइल कैमरों में कैद की घुड़चढ़ी
आमतौर पर घुड़चढ़ी में बहनें अपने भाइयों के सालों से शगुन मांगती हैं, लेकिन यहां जीजा ने ही अपने सालों को करोड़ों रुपए का तोहफा देकर रस्म को खास बना दिया। रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने इस पल को मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। दोनों दूल्हे किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे हैं।

