Breaking
Sun. Nov 22nd, 2026

सैन्य ट्रेनिंग में टैंक ने 2 जवानों को कुचला:हिसार में धूल से रास्ता नहीं देख पाया ड्राइवर; मोर्चे पर तैनात दोनों पर चढ़ाया

हिसार : हिसार के गांव भोजराज के पास चल रहे भारतीय सेना के युद्ध अभ्यास के दौरान एक हादसे में सेना के दो जवान शहीद हो गए। 32 टैंकों के साथ चल रही ट्रेनिंग के बीच उड़ी धूल के कारण टैंक ड्राइवर को आगे का रास्ता नहीं दिखा और टैंक मोर्चे पर तैनात दो जवानों के ऊपर से गुजर गया।

हादसे में उत्तर प्रदेश के शामली निवासी नायक मनीष कुमार और बदायूं निवासी नायक अंकुश कुमार शहीद हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर और अस्पताल पहुंचे। कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों जवानों के शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया गया है।

32 टैंकों की एक साथ मूवमेंट, धूल से कम हुई विजिबिलिटी

भोजराज क्षेत्र में सेना का रूटीन युद्ध अभ्यास चल रहा था। इसमें करीब 32 टैंक एक साथ मूवमेंट कर रहे थे। भारी टैंकों के चलने से इलाके में धूल का घना गुबार उठ गया। इससे सामने देखने की क्षमता काफी कम हो गई। इसी दौरान एक टैंक के ड्राइवर को आगे मोर्चे पर तैनात जवान दिखाई नहीं दिए और टैंक दोनों के ऊपर से गुजर गया।

गंभीर हालत में मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सेना के जवानों और अधिकारियों ने दोनों घायलों को संभाला। उन्हें बिना देरी किए हिसार के मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। बाद में सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करवाई।

परिवार के इकलौते बेटे थे मनीष, पिता भी सेना से रिटायर्ड

नायक मनीष कुमार उत्तर प्रदेश के शामली के रहने वाले थे। उनके पिता रामवीर सेना से सेवानिवृत्त हैं। मनीष परिवार के इकलौते बेटे थे और उनकी तीन बहनें हैं। वह मिलनसार स्वभाव के थे। छुट्टी पर गांव भाज्जु आने के दौरान ग्रामीणों से जरूर मिलते थे।

रविवार को घर आने वाले थे अंकुश, बच्चों से की थी फोन पर बात

नायक अंकुश कुमार उत्तर प्रदेश के बदायूं के निवासी थे। उनके ताऊ के बेटे अमित कुमार ने बताया कि शनिवार को दोपहर करीब 2 बजे अंकुश ने अपने बच्चों से फोन पर बात की थी। वह रविवार को घर आने वाले थे। परिवार में पत्नी पूजा, बेटा हर्ष (7) और बेटी नंदिनी (11) हैं। उनका छोटा भाई विनीत नौकरी करता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *