प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना न खरीदने की सलाह को लेकर व्यापारियों ने उन्हें थैंक यू लेटर लिखा है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) का कहना है कि PM की सलाह के बाद व्यापारियों ने महंगे भाव पर सोना नहीं खरीदा। इससे वे बड़े नुकसान से बच गए।
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल के मुताबिक, PM मोदी की सलाह के समय सोने का भाव 1.90 करोड़ रुपए प्रति किलो था, जो अब घटकर 1.25 करोड़ रुपए रह गया है। यानी प्रति किलो 65 लाख रुपए की गिरावट आई है।
वहीं, इसे प्रति 10 ग्राम में देखें तो भाव 1.90 लाख रुपए से घटकर 1.25 लाख रुपए प्रति किलो रह गया है।
- ज्वैलरी कारोबारियों को नुकसान से बचाया: देशभर के लाखों ज्वैलर्स कई महीनों का सोना स्टॉक में रखते हैं। अगर व्यापारी उस समय पुराने भाव पर सोना खरीदा होता, तो उन्हें प्रति किलो 65 लाख रुपए का नुकसान होता। इससे लाखों ज्वैलर्स कर्ज में डूब सकते थे। उन्होंने बताया कि CTI के ग्रुपों में व्यापारी मैसेज भेजकर कह रहे हैं- ‘मोदी जी ने बचा लिया।’
- विरोध करने वाले भी मान रहे सही: CTI का कहना है कि जिस सलाह का पहले विरोध हुआ था, अब कई व्यापारी और ज्वैलर्स उसकी तारीफ कर रहे हैं।
- शादी के सीजन में ग्राहकों को फायदा: सोने के भाव गिरने से शादी की खरीदारी करने वाले परिवारों को राहत मिल रही है। संगठन के मुताबिक, इस सीजन में करीब 52 लाख शादियां होनी हैं।
- आगे भी मार्गदर्शन देने की मांग: CTI ने PM से सोने-चांदी के बाजार को लेकर समय-समय पर व्यापारियों को सलाह देने की अपील की है, ताकि सट्टेबाजी और जमाखोरी पर रोक लगाई जा सके।
एक दिन पहले लखनऊ में PM ने किया था जिक्र
PM मोदी ने शनिवार को लखनऊ में कहा, ‘मैंने एक साल पहले देशवासियों से कहा था कि जरूरत न हो तो सोना नहीं खरीदिए। देश ने मेरी बात मानी और सोना कम खरीदा। गोल्ड के दाम टूट गए। लोग कह रहे हैं कि मोदी जी, आपकी बात मानी और हमारे पैसे बच गए।’
मोदी ने यह भी कहा कि कभी लाल बहादुर शास्त्री ने कहा था देशवासियों को एक टाइम खाना छोड़ दो, इस देश ने उनकी बात मानी थी।
10 मई को की थीं 7 अपीलें, विपक्ष ने आलोचना की थी
10 मई 2026 को तेलंगाना में PM मोदी ने पश्चिम एशिया संकट और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच विदेशी मुद्रा बचाने के लिए देशवासियों से 7 अपीलें की थीं। इनमें सोना न खरीदने की अपील भी शामिल थी।
इसके अगले दिन राहुल गांधी ने कहा था कि देश चलाना अब प्रधानमंत्री के बस में नहीं रह गया है। उन्होंने कहा था, ‘मोदी जी ने जनता से त्याग मांगा। सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम इस्तेमाल करो, खाद और खाने के तेल का उपयोग घटाओ, मेट्रो से चलो और घर से काम करो। ये उपदेश नहीं, सरकार की विफलता हैं।’
व्यापारियों और उद्योगपतियों की संस्था है CTI
CTI यानी चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री दिल्ली-NCR के व्यापारियों और कारोबारियों का संगठन है। यह दिल्ली के थोक और खुदरा बाजारों से जुड़ी समस्याओं और मांगों को सरकार के सामने उठाता है।
यह संगठन व्यापार से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहता है, लेकिन FICCI, CII और CAIT जैसे बड़े संगठनों के मुकाबले इसका कामकाज मुख्य रूप से दिल्ली और आसपास के इलाकों तक सीमित है।

