Breaking
Sun. Nov 22nd, 2026

तीन बेटियों के बाद चाहिए था बेटा… 8 महीने के मासूम को कर लिया अगवा; 3 आरोपी अरेस्ट

  • दिल्ली में एक आठ महीने के बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है

दिल्ली पुलिस ने पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके से अगवा किए गए 8 माह के मासूम बच्चे को महज 24 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक ट्रक चालक और एक दंपति शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, बच्चे को कथित तौर पर तस्करी के इरादे से उत्तर प्रदेश ले जाया गया था।

पूर्वी जिला पुलिस के अनुसार, बच्चे को अलीगढ़ जिले के टप्पल थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव से बरामद किया गया। मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद ली गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मथुरा जिले के सिकंदरपुर निवासी 40 वर्षीय ऋषिपाल, अलीगढ़ के वाजिदपुर गांव निवासी 50 वर्षीय छत्रु और उसकी 45 वर्षीय पत्नी कुसमा के रूप में हुई है। ऋषिपाल ट्रक चालक है, जबकि छत्रु किसान और कुसमा गृहिणी है। पुलिस के मुताबिक, तीनों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।

मां के काम पर जाने के दौरान अगवा हुआ बच्चा

पुलिस के मुताबिक, मामले की शिकायत लक्ष्मी नाम की महिला ने की थी। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करती है। उसने पुलिस को बताया कि काम पर जाने के दौरान उसने अपने आठ माह के बेटे को देखभाल के लिए ज्योति नाम की महिला के पास छोड़ा था। इसी दौरान पांडव नगर इलाके से बच्चा अगवा हो गया। शिकायत के आधार पर मंडावली थाने में एफआईआर संख्या 437/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

शुरुआती पूछताछ में बच्चे की देखभाल कर रही महिला ज्योति ने बताया कि वह सुबह करीब 11:30 बजे गणेश नगर में कुछ सामान खरीदने गई थी। वहां उसकी मुलाकात एक अज्ञात व्यक्ति से हुई, जो बाद में बच्चे को लेकर फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडावली थाना प्रभारी की निगरानी और एसीपी मयूर विहार के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम में एएसआई हक्कम सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक, कांस्टेबल प्रदीप और महिला हेड कांस्टेबल नीतू वर्मा शामिल थे।

सीसीटीवी फुटेज से अक्षरधाम तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक व्यक्ति बच्चे को लेकर भागता हुआ दिखाई दिया। आस-पास के ऑटो चालकों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से आरोपी की गतिविधियों का पता चला। उसकी लोकेशन अक्षरधाम की तरफ मिली। इसके बाद एक वाहन की आवाजाही की जांच करते हुए पुलिस ट्रक चालक ऋषिपाल तक पहुंची।

तीन बेटियां थीं, बेटा पाने के लिए रची थी साजिश

तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि बच्चे को कथित तौर पर ऋषिपाल ने छत्रु नाम के व्यक्ति को सौंप दिया था, जो उसका दूर का रिश्तेदार है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि छत्रु और उसकी पत्नी कुसमा ने कथित तौर पर करीब एक साल पहले ही बच्चे को हासिल करने की योजना बनाई थी। दंपति की पहले से तीन बेटियां हैं। पुलिस के मुताबिक, दंपति को परिवार का नाम और संपत्ति आगे बढ़ाने एवं बुढ़ापे में सहारा मिलने की उम्मीद में बेटा चाहिए था। लगातार पूछताछ और सघन तलाशी अभियान के बाद पुलिस ने अलीगढ़ के वाजिदपुर गांव में बच्चे का पता लगाया और उसे सकुशल बरामद कर लिया। घटना के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *