Breaking
Tue. Nov 24th, 2026

दृष्टिहीन की गला काटकर बलि दी:धड़ के पास आधार कार्ड रखा; शाहजहांपुर में गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी मौत की साजिश रची

शाहजहांपुर में मुकदमों से बचने और विरोधियों को फंसाने के लिए एक शातिर ने दृष्टिहीन युवक राजपाल की बलि दे दी। उसका गला गड़ासे काट डाला और सिर बदायूं में फेंक दिया। धड़ के पास अपना आधार कार्ड रखकर भाग गया।

बताया गया है कि आरोपी तंत्र-मंत्र करता था। उसने राजपाल को आंखें ठीक करने का झांसा दिया था। इतना ही नहीं, उसने अपने एक रिश्तेदार और उसके दोस्त को भी साथ मिला लिया। उनको पीतल के सिक्के सोने के करने का लालच दिया। यह सब उसने अपने ऊपर दर्ज मुकदमों से बचने के लिए किया।

14 नवंबर को हुई हत्या के तीनों आरोपियों को पुलिस ने 23 नवंबर की रात गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे को SP ग्रामीण दीक्षा भवरे ने घटना का खुलासा किया। मामला जिला मुख्यालय से 70 किमी दूर कलान थाना क्षेत्र का है।

पुलिस को सूखे कुएं के पास दृष्टिहीन युवक राजपाल का सिर कटा शव मिला था।

पुलिस को सूखे कुएं के पास दृष्टिहीन युवक राजपाल का सिर कटा शव मिला था।

जेल से छूटने के बाद बाबा बनकर घूमता था

सियूड़ी गांव के रहने वाले विनोद (50) पर रेप समेत 5 केस दर्ज हैं। एक साल पहले वह जेल से जमानत पर बाहर आया था। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। इस बीच विनोद की पत्नी और बच्चे दिल्ली चले गए थे। जेल से छूटने के बाद विनोद बाबा बनकर घूमता था और तंत्र-मंत्र करके लोगों को अपने झांसे में लेता था।

अकेले रहने वाले शख्स की तलाश में था

विनोद की ससुराल निगोही थाना क्षेत्र के चौढ़ेरा गांव में है। यहां पर राजपाल (30) रहता था। राजपाल की पत्नी ने करीब 10 साल पहले उसकी आंख में मिर्च डाल दी थी, जिससे उसकी आंखों की रोशनी चली गई थी।

इसके बाद पत्नी बेटे को साथ लेकर चली गई थी। विनोद पुलिस केस से बचने का तरीका सोच रहा था। इसके लिए वह किसी ऐसे व्यक्ति की तलाश में था, जिसके परिवार में कोई न हो। इसीलिए विनोद ने राजपाल को शिकार बनाने के लिए चुना।

पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी विनोद और उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी विनोद और उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।

रिश्तेदार और उसके दोस्त को भी साजिश में शामिल किया

इसके बाद विनोद ने राजपाल को अपने झांसे में लेना शुरू किया। उसे बताया कि तंत्र-मंत्र से आंख की रोशनी वापस लाई जा सकती है। विनोद की बातों में आकर राजपाल पूजा-पाठ कराने के लिए तैयार हो गया।

लेकिन, विनोद को डर था कि अकेला वह इस काम को नहीं कर पाएगा। इसी वजह से उसने बदायूं में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार विकास और उसके साथी ओमपाल को भी अपने साथ शामिल कर लिया।

15 पीतल के सिक्कों को सोने का बनाने का झांसा

विनोद ने अपने रिश्तेदार को बताया कि उसके पास 15 पीतल के सिक्के हैं। बलि देने के बाद ये सिक्के सोने के हो जाएंगे। सभी सिक्के वह विकास और ओमपाल को दे देगा। इसके अलावा विकास की चाची जो घर छोड़कर चली गई हैं, वो भी वापस आ जाएगी। लालच में आकर दोनों राजपाल की बलि देने के लिए तैयार हो गए।

इसी कुएं में राजपाल का सिर कटा हुआ धड़ मिला था।

इसी कुएं में राजपाल का सिर कटा हुआ धड़ मिला था।

कुएं के पास सिर काटा, धड़ के पास रखा आधार कार्ड

14 नवंबर की रात तीनों सियूड़ी के एक सूखे कुएं के पास पहुंचे। यहां राजपाल को पूजा के लिए बुलाया। वहां पर विनोद ने गड़ासे से राजपाल का सिर काट दिया। चेहरा ईंट से कुचल दिया। धड़ के पास विनोद ने अपना आधार कार्ड रख दिया। फिर सिर को करीब 50 किलोमीटर दूर बदायूं ले गया और नदी में फेंक दिया।

घरवालों ने झूठी शिनाख्त की, 9 लोगों पर FIR कराई

17 नवंबर को कुएं से धड़ मिला। गांववालों ने इसे विनोद का शव मानने से इनकार कर दिया। 18 नवंबर को विनोद की पत्नी पूजा और बेटा आदित्य गांव पहुंचे।

दोनों ने पैर में बंधे धागे को देखकर शव की शिनाख्त विनोद के रूप में की। गांव के प्रधान समेत 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करा दी।

पुलिस पर दबाव बनाने के लिए घरवालों ने सड़क जाम करने की कोशिश की थी।

पुलिस पर दबाव बनाने के लिए घरवालों ने सड़क जाम करने की कोशिश की थी।

बेटे को फोन कर बताया जिंदा होने का सच

दूसरी ओर, विनोद ने एक नया सिम खरीदा। उसे राजपाल के मोबाइल में ही डाल लिया। इसके बाद विनोद ने अपने बेटे को फोन करके बताया कि वह जिंदा है। उसने घरवालों को पूरा प्लान बताया।

विनोद ने घरवालों से कहा कि अपने विरोधियों को जेल भिजवाने के लिए CM दरबार जाओ। इससे पुलिस पर दबाव बनेगा। इसके बाद विनोद की पत्नी पूजा, मां सुमिरता, भाई नंद किशोर, कुंवरपाल, बेटे आलोक और आदित्य के अलावा भतीजे मनोज ने भी उसका साथ दिया।

सर्विलांस और मृतक के मोबाइल से खुला राज

इधर, राजपाल के लापता होने की सूचना पर पुलिस ने शव के कपड़े उसके गांव वालों को दिखाए, तो उसकी असली पहचान उजागर हो गई। इसके बाद पुलिस ने विनोद और उसके परिवार के मोबाइल सर्विलांस पर लगा दिए।

राजपाल का मोबाइल चालू होते ही पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर विनोद और उसके दोनों साथियों को दबोच लिया। तीनों आरोपी बदायूं से नेपाल भागने की फिराक में थे। साजिश में शामिल परिवार के 7 लोगों को भी हिरासत में ले लिया गया। आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया गड़ासा और ईंट भी मिली है।

कुएं के पास सिर कटा शव मिलने की सूचना पर लोगों की भीड़ लग गई थी।

कुएं के पास सिर कटा शव मिलने की सूचना पर लोगों की भीड़ लग गई थी।

SP ग्रामीण दीक्षा भवरे ने बताया-

QuoteImage

मृतक की उम्र 30 साल और विनोद की 50 साल होने की वजह से पुलिस को पहले ही शक था। लेकिन, विनोद की पत्नी और बेटे ने सड़क जाम कर पुलिस पर दबाव बनाया था। पुलिस ने साजिश में शामिल होने पर परिवार के 7 लोगों के नाम भी FIR में बढ़ाए हैं। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। अभी तक राजपाल का सिर नहीं मिला है।QuoteImage

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *