दोहा : वैभव सूर्यवंशी ने वनडे क्रिकेट का सबसे तेज दोहरा शतक लगा दिया है। उन्होंने दोहा में 52 बॉल पर डबल सेंचुरी लगा दी। वे 53 बॉल पर 204 रन बनाकर आउट हुए। इस पारी में 7 चौके और 28 छक्के शामिल हैं।
वैभव की इस पारी की बदौलत इंडिया ए ने राइजिंग स्टार्स एशिया कप में UAE को 7 विकेट से हरा दिया। टीम ने 250 रन का टारगेट 14.2 ओवर में 3 विकेट पर चेज किया।
UAE ने टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट 249 रन बनाए। हरप्रीत सिंह भाटिया ने 130 रन की पारी खेली। उन्होंने 12 चौके और 4 छक्के लगाए।
इंडिया ए ने 7 विकेट से मैच जीता
इंडिया ए ने इस मैच को 7 विकेट से जीत लिया है। उसने UAE के खिलाफ 250 रन का लक्ष्य 14.2 ओवर में हासिल कर लिया।
रिंकू सिंह ने बासिल हमीद की गेंद पर डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।
वैभव सूर्यवंशी 204 रन बनाकर आउट
13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर बासिल हमीद ने वैभव सूर्यवंशी को आउट किया। वैभव ने लॉन्ग ऑफ के ऊपर से शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद हवा में ऊंची चली गई।
लॉन्ग ऑफ पर आर्यांश शर्मा ने आसान कैच पकड़ा। वैभव ने 53 गेंदों पर 204 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 28 छक्के शामिल रहे।

