Breaking
Sat. Nov 28th, 2026

अब TV पर देख पाएंगे इंस्टाग्राम रील्स और स्टोरीज:मेटा का भारत में ‘इंस्टाग्राम फॉर टीवी’ लॉन्च करने का ऐलान; एप में 5 बड़े फीचर्स मिलेंगे

मुंबई : मेटा ने भारत में ‘इंस्टाग्राम फॉर टीवी’ एप लॉन्च करने का ऐलान किया है। यूजर्स इस एप के जरिए बड़ी टीवी स्क्रीन पर रील्स, स्टोरीज और क्रिएटर कंटेंट देख सकेंगे।

यह एप आने वाले दिनों में भारत के सपोर्टेड एपल टीवी, अमेजन फायर टीवी और गूगल टीवी डिवाइस पर अवेलेबल होगा।

यह ऐलान मुंबई में हुए मेटा के सालाना क्रिएटर इवेंट ‘हाउस ऑफ इंस्टाग्राम’ में किया गया। हालांकि, मेटा ने इसके रोलआउट की तारीख अभी तय नहीं की है।

क्या है ‘इंस्टाग्राम फॉर टीवी’ और कैसे काम करेगा?

इंस्टाग्राम फॉर टीवी एक डेडिकेटेड टेलीविजन एक्सपीरियंस है, जो इंस्टाग्राम के कंटेंट को बड़ी स्क्रीन पर लाता है। भारत में इसका वर्जन मुख्य रूप से रील्स और स्टोरीज पर फोकस करेगा, ताकि यूजर्स बिना फोन में स्क्रॉल किए बड़ी स्क्रीन पर वीडियो देख सकें।

यूजर्स इसमें वाइडस्क्रीन फॉर्मेट में हॉरिजॉन्टल रील्स देख पाएंगे और इंस्टाग्राम प्रोफाइल्स पर फोटो और कराउजल भी ब्राउज कर सकेंगे। यह एप रील्स को यूजर्स की दिलचस्पी, पॉपुलर कंटेंट और फॉलो किए गए अकाउंट्स के आधार पर अलग-अलग चैनलों में बांटेगा।

मोबाइल के मुकाबले टीवी पर रील्स अपने आप चलेंगी। दर्शक अपने टीवी रिमोट की मदद से लगातार वीडियो स्ट्रीम देख सकेंगे और सर्च फीचर के जरिए क्रिएटर्स और कंटेंट खोज पाएंगे।

इंस्टाग्राम फॉर टीवी एप के 5 फीचर्स

मेटा ने टीवी पर इंस्टाग्राम देखने के अनुभव को सुविधाजनक बनाने के लिए 5 मुख्य फीचर्स पेश किए हैं…

बड़ी स्क्रीन पर रील्स और स्टोरीज: यूजर्स टीवी पर रील्स और स्टोरीज देख सकेंगे, जिनमें वाइडस्क्रीन के लिए बने हॉरिजॉन्टल वीडियो भी शामिल हैं। इसके साथ फोटो, कराउजल और क्रिएटर प्रोफाइल देखने की सुविधा भी मिलेगी।

पर्सनलाइज्ड रील्स चैनल: रील्स को इंटरेस्ट, पॉपुलर कंटेंट और फॉलो किए गए अकाउंट्स के हिसाब से चैनलों में ऑर्गेनाइज किया जाएगा, जिससे अलग-अलग कैटेगरी और क्रिएटर्स के वीडियो खोजना आसान होगा।

ऑटोमैटिक रील प्लेबैक: हर नई पोस्ट के लिए मैन्युअल स्क्रॉल करने की जरूरत नहीं होगी। रील्स अपने आप चलेंगी और टीवी रिमोट से नेविगेशन किया जा सकेगा।

स्मार्टफोन से कास्टिंग: फोन से सीधे टीवी पर रील्स कास्ट की जा सकेंगी। इसके लिए फोन और टीवी का एक ही वाई-फाई नेटवर्क से जुड़ा होना जरूरी है।

यूजर्स को इंस्टाग्राम फॉर टीवी में साइन इन कर फोन में कास्ट ऑप्शन चुनना होगा और अपना टीवी सिलेक्ट करना होगा। इस फीचर की उपलब्धता डिवाइस और रोलआउट पर निर्भर करेगी।

फ्रेंड्स टैब: इसमें फॉलो किए गए लोगों द्वारा शेयर किया गया कंटेंट और दोस्तों के बीच पॉपुलर वीडियो एक जगह दिखेंगे, जिससे दोस्तों की पोस्ट, शेयरिंग और वाचिंग एक्टिविटीज पर नजर रखी जा सकेगी।

स्मार्टफोन से लिविंग रूम तक का सफर

यह कदम मेटा की उस स्ट्रेटेजी का हिस्सा है, जिसके तहत वह इंस्टाग्राम को स्मार्टफोन से आगे बढ़ाकर घर के भीतर साझा अनुभव में बदलना चाहता है।

इसका मकसद यह है कि यूजर्स अपने पसंदीदा क्रिएटर्स का कंटेंट बड़ी स्क्रीन पर दोस्तों और परिवार के साथ मिलकर देख सकें।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *