नई दिल्ली : देशभर में बीते कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तीन दिन से लगातार बारिश का दौर जारी है। सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई। लगातार बारिश होने से तापमान और गर्मी में खासी गिरावट दर्ज की गई।
दिल्ली के आसपास के इलाकों के साथ यूपी, बिहार एमपी के कई जिलों में जोरदार बारिश हुई है। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार को भी हल्की से तज वर्षा का दौर बना रह सकता है। शनिवार को शुरू हुआ वर्षा का दौर सोमवार को भी जारी रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और महाराष्ट्र सहित 21 राज्यों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
देश की राजधानी दिल्ली में बीते दिनों से लगातार बारिश हो रही है। सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई। लगातार वर्षा का दौर जारी रहने से रविवार को तापमान और गर्मी में खासी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान पांच डिग्री तक गिर गया। सितंबर की बरसात का कोटा भी लगभग 70 प्रतिशत तक पूरा हो गया है।
तीन दिनों से हो रही बारिश के साथ ही चमोली में रविवार को सीजन की पहली बर्फबारी भी हुई। बारिश व बर्फबारी से बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब व फूलों की घाटी में ठंड शुरू हो गई है। केदारनाथ की पहाड़ियों के अलावा बदरीनाथ धाम के नीलकंठ, नर नारायण पर्वत सहित अन्य चोटियों पर हिमपात हुआ है। भूस्खलन से बदरीनाथ हाईवे बंद हो गया है। प्रशासन मलबा हटाने के लिए काम कर रह है।

