Breaking
Wed. Aug 19th, 2026

मथुरा के बलदेव की बदहाल बिजली से सरकार की छवि धूमिल: ऊर्जा मंत्री के आदेश भी बेअसर, चीफ इंजीनियर से लेकर एमडी तक शिकायतों का नहीं दिख रहा असर

दैनिक उजाला, बलदेव : बलदेव में बिजली व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है। हर दिन और हर रात कभी फॉल्ट तो कभी अन्य तकनीकी कारणों के नाम पर घंटों बिजली कटौती से स्थानीय लोग बेहाल हैं। भीषण गर्मी में लगातार बिजली संकट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालात यह हैं कि उपभोक्ता अपनी समस्या लेकर स्थानीय अधिकारियों से लेकर दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) के उच्चाधिकारियों तक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान होता नजर नहीं आ रहा। लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था अब सरकार की छवि पर भी सवाल खड़े कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बलदेव की बिजली समस्या को लेकर कई बार ऊर्जा मंत्री को व्हाट्सऐप के माध्यम से भी अवगत कराया गया। शिकायतों के बाद ऊर्जा मंत्री की ओर से डीवीवीएनएल के एमडी को एक-दो बार समस्या के समाधान के लिए निर्देश भी दिए गए, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंत्री के निर्देशों का भी जमीनी स्तर पर कोई प्रभाव दिखाई नहीं दिया। एमडी तक मामला पहुंचने के बावजूद बलदेव की बिजली व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका।

लोगों का कहना है कि जब प्रदेश के ऊर्जा मंत्री तक समस्या पहुंचाने और उनके स्तर से डीवीवीएनएल एमडी को निर्देश देने के बाद भी हालात नहीं बदल रहे हैं, तो आखिर उपभोक्ता अपनी समस्या लेकर जाएं तो जाएं कहां। स्थानीय स्तर पर शिकायतों की संख्या सैकड़ों नहीं बल्कि हजारों तक पहुंच चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान करने के बजाय फॉल्ट और तकनीकी खराबी के नाम पर बिजली कटौती का सिलसिला जारी है।

बलदेव के लोगों का आरोप है कि चीफ इंजीनियर और एसई देहात स्तर तक लगातार शिकायतें पहुंचाई गई हैं, लेकिन अधिकारी समस्या की गंभीरता को समझने के लिए मौके पर पहुंचने को तैयार नहीं हैं। लोगों का कहना है कि अधिकारी एसी कमरों से बिजली व्यवस्था की स्थिति सुधारने के दावे कर रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि उपभोक्ताओं को दिन-रात बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है।

पत्नी के निधन के बाद घर में जुट रहे लोग, बिजली की दुर्दशा देखकर सरकार को कोस रहे

बलदेव विकास समिति के अध्यक्ष जीके पाण्डेय ने कहा कि उनकी पत्नी का चार दिन पहले निधन हुआ है। इन दिनों उनके घर पर लोग शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंच रहे हैं, लेकिन बिजली की बदहाल व्यवस्था देखकर लोग बेहद नाराजगी जताते हुए सरकार और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शोक के माहौल में भी बिजली की समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। यदि बलदेव जैसे कस्बे में सामान्य बिजली आपूर्ति तक सुनिश्चित नहीं हो पा रही है तो विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग लंबे समय से बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं। बार-बार फॉल्ट होने, घंटों बिजली गुल रहने और शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस रहने से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। उनका कहना है कि सरकार की मंशा पर लोगों को भरोसा है, लेकिन विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण सरकार की छवि प्रभावित हो रही है।

चार माह पहले ऊर्जा मंत्री के निजी पोर्टल पर शिकायत, अब तक कार्रवाई का इंतजार

वहीं बलदेव निवासी सुधीर अग्रवाल ने करीब चार माह पहले ऊर्जा मंत्री के निजी पोर्टल पर बिजली समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। चार महीने बीत जाने के बाद भी यदि शिकायत का समाधान नहीं होता है तो इससे विभागीय शिकायत निस्तारण व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल खड़े होते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बलदेव में बिजली कटौती अब सामान्य समस्या बन गई है। कभी फॉल्ट के नाम पर तो कभी लाइन में खराबी के नाम पर घंटों आपूर्ति बाधित रहती है। रात में बिजली गुल होने से परिवारों को परेशानी होती है और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है। व्यापारियों का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार निर्बाध और बेहतर विद्युत आपूर्ति की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बलदेव में उपभोक्ताओं को शिकायतों के बाद भी राहत नहीं मिल पा रही है। ऐसे में ऊर्जा मंत्री द्वारा अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का असर आखिर जमीन पर क्यों नहीं दिखाई दे रहा, यह बड़ा सवाल बन गया है। स्थानीय लोगों की मांग है कि उच्चाधिकारी स्वयं बलदेव की बिजली व्यवस्था का निरीक्षण करें और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा जाए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed