मथुरा : वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में बुधवार को दर्शन करने आई दिल्ली की 60 साल की महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। महिला दर्शन के बाद मंदिर के 4 नंबर गेट से बाहर निकल रही थी, तभी गश खाकर बैठ गई। मंदिर कर्मचारियों ने उसे संभाला और डॉक्टर को बुलाया। हालत गंभीर होने पर एंबुलेंस से जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान दिल्ली के मधुवन इलाके की रहने वाली शालिनी सिक्का के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, डॉक्टरों के मुताबिक मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकता है।

पुलिस को जानकारी देते साथ आए लोग।
4 नंबर गेट के पास अचानक बिगड़ी तबीयत
शालिनी सिक्का बुधवार को अपने घर पर काम करने वाले लोगों के साथ वृंदावन आई थीं। उन्होंने बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद वह साथ आए लोगों के साथ 4 नंबर गेट से बाहर निकल रही थीं। तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर बैठ गईं।
साथ आए लोगों ने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन वह खड़ी नहीं हो सकीं। महिला की हालत देखकर मंदिर कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए।
मंदिर कर्मचारियों ने डॉक्टर को बुलाया
मंदिर कर्मचारियों ने महिला को उठाकर पंखे के नीचे बैठाया और मंदिर पर तैनात डॉक्टरों को सूचना दी। डॉक्टर मौके पर पहुंचे और महिला की जांच की। हालत गंभीर होने पर उन्होंने तत्काल अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद मंदिर कर्मचारियों ने साथ आए लोगों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर महिला को जिला संयुक्त चिकित्सालय भेजा। अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर विनीत यादव ने बताया कि महिला की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। उन्होंने हार्ट अटैक की आशंका जताई, लेकिन मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम के बाद ही पता चलने की बात कही।
वहीं, शालिनी के साथ आईं मेड संगीता अवस्थी ने बताया कि वे सुबह करीब साढ़े 8 बजे दिल्ली से वृंदावन के लिए निकले थे। यहां आने के बाद गेस्ट हाउस में रुके और फिर वीआईपी गेट से मंदिर में प्रवेश किया। उनके मुताबिक मंदिर में ज्यादा भीड़ भी नहीं थी और तबीयत बिगड़ने पर मंदिर कर्मचारियों ने भी तुरंत मदद की।
पुलिस को महिला की मौत की जानकारी मिलने के बाद टीम अस्पताल पहुंची। हालांकि, साथ आए लोगों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद वे शव को लेकर दिल्ली रवाना हो गए।

