Breaking
Thu. Aug 20th, 2026

सपा नेता की चेतावनी के बाद फिर जागे ऊर्जा मंत्री, मथुरा के बलदेव की बिजली समस्या पर एमडी ने भेजी टीम

  • समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एडवोकेट गौरव किशनपुरिया ने ऊर्जा मंत्री को फोन एवं व्हाट्सऐप के माध्यम से बलदेव की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया

दैनिक उजाला, मथुरा : बलदेव कस्बे की लगातार बिगड़ती विद्युत व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी द्वारा आंदोलन की चेतावनी दिए जाने के बाद एक बार फिर शासन स्तर पर हलचल दिखाई दी है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं अधिवक्ता सभा के पूर्व जिला अध्यक्ष एडवोकेट गौरव किशनपुरिया द्वारा ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को बलदेव की गंभीर विद्युत समस्या से अवगत कराने के बाद मंत्री ने एक बार फिर डीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद गुरुवार को डीवीवीएनएल आगरा के एसई वर्कशॉप सुमित व्यास एवं एसई स्टोर दीपांशु सहाय की टीम को बलदेव टाउन की विद्युत व्यवस्था का जायजा लेने के लिए भेजा गया।

इससे पहले भी ऊर्जा मंत्री के निर्देश पर सीई टेक्निकल, आगरा द्वारा बलदेव क्षेत्र का निरीक्षण किया गया था। उस दौरान स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की ओर से विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की विस्तृत जानकारी देते हुए सुधार के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए थे। बावजूद इसके निरीक्षण के बाद अपेक्षित स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई धरातल पर दिखाई नहीं दी। यही कारण रहा कि बलदेव में बिजली की समस्या लगातार बनी रही और स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता गया।

बताया गया कि बलदेव क्षेत्र में बिजली कटौती, फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या से लोग लंबे समय से परेशान हैं। स्थानीय स्तर पर अधिकारियों को बार-बार शिकायतें दिए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। इसी को लेकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एडवोकेट गौरव किशनपुरिया ने ऊर्जा मंत्री को फोन एवं व्हाट्सऐप के माध्यम से बलदेव की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया और समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।

ऊर्जा मंत्री के दोबारा हस्तक्षेप के बाद डीवीवीएनएल के एमडी ने दिखाई गंभीरता और गुरुवार को टीम बलदेव पहुंची। टीम ने बलदेव विकास समिति के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र पांडेय तथा वरिष्ठ पत्रकार राजेश पाठक से मुलाकात की। इस दौरान टीम ने क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली और स्थानीय स्तर पर आ रही समस्याओं को समझने का प्रयास किया। अधिकारियों को बताया गया कि विद्युत आपूर्ति में बार-बार व्यवधान, फॉल्ट और ट्रिपिंग के कारण कस्बे के लोगों को दिन-रात परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने टीम को बताया कि समस्या केवल एक-दो दिन की नहीं है, बल्कि लंबे समय से विद्युत व्यवस्था को लेकर शिकायतें की जा रही हैं। कई बार संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। लोगों का कहना है कि जब तक विद्युत व्यवस्था की तकनीकी खामियों को चिन्हित कर उनका स्थायी समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक बार-बार होने वाले फॉल्ट और कटौती से राहत मिलना मुश्किल है।

ऊर्जा मंत्री को पहले भी बलदेव की समस्या से अवगत कराया

ऊर्जा मंत्री को पहले भी बलदेव की समस्या से अवगत कराया गया था और उनके निर्देश पर सीई टेक्निकल, आगरा तक ने क्षेत्र का निरीक्षण किया था। उस समय भी स्थानीय लोगों की ओर से उन्हें पूरी जानकारी और आवश्यक सुझाव दिए गए थे, लेकिन निरीक्षण के बाद भी समस्या के समाधान के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उन्होंने दोबारा ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को बलदेव की बदहाल विद्युत व्यवस्था से अवगत कराया।

अब देखना यह है कि यह निरीक्षण भी केवल कागजी कार्रवाई बनकर रह जाता है या वास्तव में बलदेव की विद्युत व्यवस्था में स्थायी सुधार के लिए धरातल पर काम शुरू होता है। उन्होंने कहा कि बलदेव की जनता को निरीक्षण नहीं, बल्कि निर्बाध और सुचारु विद्युत आपूर्ति चाहिए।

अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा

गौरव किशनपुरिया ने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार जनसमस्याओं को उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। बलदेव की बिजली समस्या को लेकर स्थानीय लोगों की शिकायतों को लगातार अधिकारियों और शासन तक पहुंचाया गया है। यदि अब भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं आया तो समाजवादी पार्टी स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आंदोलन का रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेगी।

बलदेव की जनता लंबे समय से परेशानी झेल रही है और अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। विद्युत विभाग को जिम्मेदारी तय करते हुए फॉल्ट और कटौती की समस्या का स्थायी समाधान करना होगा।

वहीं, बलदेव विकास समिति के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र पांडेय और वरिष्ठ पत्रकार राजेश पाठक ने टीम के सामने क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों को बार-बार बिजली संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टीम ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना और विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *