कराहरी(मांट), मथुरा : मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र के नगला ओहाबा गांव में गुरुवार सुबह करीब 8:15 बजे खेत में काम कर रहे दो युवकों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन का तार टूटकर खेत में लगी झटका मशीन की बैरिकेडिंग पर गिर गया। इससे बैरिकेडिंग में करंट फैल गया और हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
करंट की चपेट में आया 14 वर्षीय विवेक
जानकारी के अनुसार, नगला ओहाबा निवासी 14 वर्षीय विवेक पुत्र रामकिशन सुबह खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। तार के झटका मशीन की बैरिकेडिंग पर गिरने से पूरे हिस्से में करंट फैल गया और विवेक उसकी चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बचाने दौड़ा युवक भी आया चपेट में
विवेक को करंट की चपेट में देखकर बैकुंठपुर निवासी 22 वर्षीय गोविंद उर्फ गुलाब पुत्र रामवीर उसे बचाने के लिए दौड़ा। हालांकि, बचाव का प्रयास करते समय गोविंद भी करंट की चपेट में आ गया। करंट का तेज झटका लगने से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
इंसुलेटर पंचर होने से टूटा तार
सुरीर के जेई ने बताया कि 11 केवी विद्युत लाइन पर इंसुलेटर पंचर होने के कारण तार टूटकर नीचे गिरा था। तार खेत में लगी झटका मशीन की बैरिकेडिंग पर गिरने से उसमें करंट फैल गया। इसी करंट की चपेट में आने से दोनों युवकों की मौत हुई है। विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था पर जताई नाराजगी
हादसे के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी दिखाई दी। ग्रामीणों ने खेतों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों की जांच कराने और जर्जर विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की। उनका कहना है कि समय रहते लाइनों और उपकरणों की जांच कराई जाती तो हादसा टाला जा सकता था। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

