पटना : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ पीएम मोदी को अपशब्द कहने पर शिकायत दर्ज कराई गई है। खड़गे ने पटना में कांग्रेस के कार्यक्रम में कहा था कि मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा।
खड़गे ने यह बात एक कार्यकर्ता के जवाब में कही। कार्यकर्ता ने कहा था कि मोदी जी नहीं जाने वाले हैं। जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, मोदी सरकार नहीं हटेगी। इस पर वहां मौजूद लोगों ने उस शख्स की पिटाई कर दी।
खड़गे के बयान पर गृह मंत्री अमित शाह से लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित बीजेपी के कई नेताओं ने नाराजगी जताई है। सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे माफी मांगे।

कार्यक्रम में मोदी का समर्थन करने वाले शख्स को पीटा गया।
कोतवाली थाना में खड़गे के खिलाफ शिकायत
खड़गे के खिलाफ रविवार रात पटना के कोतवाली थाने में शिकायत की गई है। बीजेपी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णा कुमार सिंह ने थानाध्यक्ष को आवेदन देकर मामले की जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कृष्णा कुमार सिंह ने आवेदन में कहा, नरेंद्र मोदी के पिता के संबंध में कथित रूप से अभद्र एवं अपमानजनक टिप्पणी किए जाने की जानकारी मुझे टीवी के माध्यम से हुई। इससे हम सभी काफी आहत हुए।
किसी व्यक्ति के परिवार के संबंध में सार्वजनिक मंच से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना संवेदनशील विषय है। सार्वजनिक जीवन में संवाद की मर्यादा और आपसी सम्मान बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने पुलिस से संबंधित समाचार, वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करने और बयान के वास्तविक शब्दों और संदर्भ की पुष्टि करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि अगर जांच में कानून के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।
खड़गे के बयान पर शाह बोले- कांग्रेस रोज अभद्रता की सीमाएं पार कर रही है
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने PM के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं। यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है।
वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के पिताजी के खिलाफ अपशब्द का प्रयोग करना अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी किस तरह देश के प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति दुर्भावना दिखाने का प्रयास करते हैं। इसलिए मैं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राहुल गांधी तुरंत माफी मांगे। यह एक तरह से अपराध है।
भाजपा बोली- इनकी कार्यशैली माफियाओं जैसी
भाजपा ने X पर खड़गे का वीडियो शेयर करके लिखा- कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग प्रतीत होती है।
नित्यानंद राय ने कहा- खड़गे का बयान संस्कारहीनता को दर्शाता है
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने पीएम मोदी के दिवंगत पिताजी को लेकर की गई अमर्यादित टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह टिप्पणी उसकी राजनीतिक हताशा, कुंठा और संस्कारहीनता को दर्शाती है।

