दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने कई युवा भारतीयों को ट्रेंड किया है। आईपीएल 2026 से पहले उन्होंने ऋषभ पंत को भी गाइड करने में मदद की। उन्होंने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले पंत के साथ काफी समय बिताया और ज्यादातर उनके खेल के मानसिक पहलू पर ध्यान दिया, क्योंकि उनका पिछला सीजन काफी मुश्किल रहा था और वह इस साल की टी20 वर्ल्ड कप टीम में भी जगह नहीं बना पाए थे। अब पंत ने आभार जताते हुए युवी को एक प्यारा तोहफा भेजा है, जिसका वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए उन्होंने मजाकिया लहजे में अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल समेत कुछ युवा क्रिकेटरों को लताड़ लगाई है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
ऋषभ पंत ने युवराज सिंह को गिफ्ट किया एक गोल्फ बैग
ऋषभ पंत ने युवराज सिंह को एक गोल्फ बैग गिफ्ट किया। यह एक ऐसा तोहफा है, जो उनकी शुक्रगुजारी और निजी जुड़ाव दोनों को दिखाता था। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से युवराज ने गोल्फ में काफी दिलचस्पी दिखाई है। वह अक्सर अपने पुराने साथियों के साथ गोल्फ कोर्स पर समय बिताते हैं और संन्यास के बाद अपनी दिनचर्या के हिस्से के तौर पर इस खेल का मजा लेते नजर आते हैं।
युवी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया, जिसमें वह पंत के इस प्यारे गिफ्ट के लिए उन्हें धन्यवाद करते हैं और गोल्फ बैग पर लिखे संदेश को भी दिखाते है। “प्रिय युवी पाजी, आपके सपोर्ट और गाइडेंस के लिए धन्यवाद। गोल्फ कोर्स पर मिलते हैं। प्यार, आरपी।
‘बेशर्मों कुछ तो शर्म करो’
युवराज ने इस गिफ्ट की तारीफ तो की, लेकिन साथ ही इसमें थोड़ा मजाकिया अंदाज भी जोड़ दिया। उन्होंने अपने दूसरे शागिर्दों अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, प्रभसिमरन सिंह, नमन धीर, अब्दुल समद और प्रियांश आर्य पर तंज कसते हुए कहा कि बेशर्मों कुछ तो शर्म करो। ऐसा युवी ने इसलिए कहा, क्योंकि उन्होंने पंत जैसा कोई गिफ्ट नहीं दिया था।
पंत के लिए मुश्किल दौर
ऋषभ पंत के लिए आईपीएल 2026 भी अब तक काफी मुश्किल रहा है। वह उन ऊंचे स्टैंडर्ड्स को छूने में असफल रहे हैं, जो उन्होंने पिछले कुछ सीजन में खुद के लिए तय किए थे। वह 9 पारियों में महज 25.50 के औसत से सिर्फ 204 रन ही बना पाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट भी 128.30 रहा है। पंत अभी भी अपनी लय पाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। इसी वजह से उनकी अगुवाई वाली एलएसजी भी पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे चल रही है। उसने 9 मैचों में सिर्फ दो जीत हासिल की हैं और वह प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है।

