Breaking
Wed. May 6th, 2026

बेंगलुरु नहीं अहमदाबाद में होगा IPL फाइनल:BCCI ने जारी किया शेड्यूल, प्लेऑफ के 2 मैच न्यू चंडीगढ़ और 1 धर्मशाला में

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : IPL के मौजूदा सीजन का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाएगा। पहले BCCI की योजना थी कि फाइनल मैच बेंगलुरु में काराया जाए।

वहीं, प्लेऑफ के तीन मैच दो अलग-अलग शहरों, न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में होंगे। धर्मशाला में क्वालिफायर-1 खेला जाएगा। न्यू चंडीगढ़ में क्वालिफायर-2 और एलिमिनेटर मैच होंगे।

BCCI ने बुधवार को प्लेऑफ और फाइनल का शेड्यूल जारी किया। इससे पहले सिर्फ 70 लीग मैचों का शेड्यूल जारी हुआ था।

विधायकों को फ्री टिकट का ऐलान फिर फाइनल का वेन्यू बदला

BCCI ने बताया कि कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन की कुछ मांगें ऐसी थीं जो बोर्ड प्रोटोकॉल और गाइडलाइंस के दायरे से बाहर थीं। इसी वजह से फाइनल का वेन्यू बदलना पड़ा।

दरअसल कर्नाटक के कांग्रेस विधायक विजयानंद काशप्पनवर ने सुझाव दिया था कि हर विधायक-सांसद को 5-5 IPL टिकट मिलने चाहिए, क्योंकि जन प्रतिनिधि ‘VIP’ हैं और उन्हें टिकट के लिए लाइन में नहीं लगना चाहिए।

इसके बाद कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने घोषणा की कि विधायकों और सांसदों को RCB के मैचों के लिए 3-3 टिकट दिए जाएंगे। BCCI और फ्रेंचाइजी इस पक्ष में नहीं थे, जिसके चलते फाइनल को बेंगलुरु से हटाने का फैसला लिया गया।

टिकट वितरण से कोई लेना-देना नहीं- शिवकुमार

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने IPL फाइनल को बेंगलुरु से अहमदाबाद शिफ्ट किए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ किया कि यह निर्णय केवल दर्शकों की संख्या को ध्यान में रखकर लिया गया है। शिवकुमार ने उन चर्चाओं को खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा था कि विधायकों (MLAs) को टिकट न मिल पाने के कारण फाइनल मैच शिफ्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण और मैच शिफ्ट होने का आपस में कोई संबंध नहीं है। 50% टिकटों का आरक्षण अन्य जगहों पर भी लागू रहता है।

अहमदाबाद में लगातार दूसरे साल फाइनल मुकाबला

सीजन का ग्रैंड फिनाले 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मोदी स्टेडियम लगातार दूसरे साल खिताबी मुकाबले की मेजबानी करेगा। IPL 2025 का फाइनल भी यहीं खेला गया था, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पंजाब किंग्स को हराकर ट्रॉफी जीती थी।

पिछले 5 साल में चौथी बार अहमदाबाद में फाइनल

2022 से अब तक के 5 सीजन में यह चौथा मौका होगा जब फाइनल अहमदाबाद में खेला जाएगा। इस बीच सिर्फ 2024 का फाइनल ही यहां नहीं हुआ था। तब चेन्नई में खिताबी मुकाबला खेला गया था।

पंजाब किंग्स टेबल में टॉप पर

IPL 2026 में 70 लीग मैचों के साथ कुल 74 मैच खेले जाएंगे। 28 मार्च 2026 को शुरू हुए इस टूर्नामेंट में, अब तक 48 मैच हो चुके हैं और प्लेऑफ की दौड़ रोमांचक हो गई है। पंजाब किंग्स (PBKS) अभी 13 पॉइंट्स के साथ टेबल में टॉप पर है, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) सबसे निचले पायदान पर है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *